मोतिहारी में कल से बापूधाम महोत्सव, CM सम्राट करेंगे उद्घाटन, देंगे 300 करोड़ की सौगात
गांधी मैदान में बने भव्य पंडाल में डीएम सौरभ सुमन यादव व एसपी स्वर्ण प्रभात | Prabhat Khabar Network
मोतिहारी में बापूधाम महोत्सव को लेकर गांधी मैदान सजकर तैयार है. मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इसका उद्घाटन करेंगे. तीन दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे और जिले को करीब 300 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी.
मोतिहारी बापूधाम महोत्सव: पूर्वी चंपारण के जिला मुख्यालय मोतिहारी स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान में मंगलवार से तीन दिवसीय बापूधाम महोत्सव शुरू होगा. महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. गांधी मैदान को भव्य तरीके से सजाया गया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को मोतिहारी पहुंचकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन करेंगे. मुख्यमंत्री बनने के बाद मोतिहारी का यह उनका पहला दौरा है. इसे लेकर प्रशासन के साथ आम लोगों में भी खासा उत्साह है.
आपके शहर में
300 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
बापूधाम महोत्सव के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री जिले के लोगों को करीब 300 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात देंगे. इनमें कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन शामिल है. प्रशासन का मानना है कि इन परियोजनाओं से पूर्वी चंपारण में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाएं मिलेंगी.
डीएम सौरभ सुमन यादव ने बताया कि महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गयी है. सभी संबंधित पदाधिकारियों को समय पर अपने कार्य पूरे करने का निर्देश दिया गया है.
तीन दिन दिखेगा संस्कृति का रंग
बापूधाम महोत्सव 1 सितंबर से 3 सितंबर तक चलेगा. प्रत्येक दिन शाम पांच बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे. महोत्सव में देश के जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन करेंगे. स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की मौजूदगी से कार्यक्रम को लेकर लोगों में खासा उत्साह है.
मैथिली ठाकुर समेत कई कलाकार देंगे प्रस्तुति
महोत्सव के पहले दिन प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर अपनी प्रस्तुति देंगी. उनके साथ करीना पांडेय और सबिता पांडेय भी अपनी सुरीली प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भरेंगी. वहीं बॉलीवुड गायक सलमान अली और अजीत आनंद की प्रस्तुति भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी.
महोत्सव के अंतिम दिन हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. इसमें मशहूर हास्य कवि अपनी रचनाओं और व्यंग्य से लोगों को गुदगुदाएंगे. तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ जिले के विकास कार्यों को भी प्रमुखता दी जाएगी.
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के आगमन और महोत्सव को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है. गांधी मैदान में मंच, दर्शकों के बैठने और कार्यक्रम से जुड़ी अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गयी हैं. प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रखने की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
यह भी पढे़ं:
मोतिहारी में नातिया मुशायरे की महफिल, बिहार के कई जिलों से पहुंचे शायर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए