राजद के मिथिलेश विजय ने ली वीआईपी की सदस्यता, सहनी ने कहा दो नावों पर नहीं अपनी नाव लेकर चल रही पार्टी
मुकेश सहनी ने मिथिलेश विजय का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके और उनके समर्थकों के पार्टी में आने से पार्टी और मजबूत होगी. उन्होंने राजद के तोड़ने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जो लोग पार्टी में आना चाहते हैं, उसे रोका नहीं जा सकता.
राजद के कोसी प्रक्षेत्र के नेता मिथिलेश विजय यादव ने मंगलवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) की सदस्यता ग्रहण कर ली. उन्हे पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने पार्टी की सदस्यता दिलाई और पार्टी में स्वागत किया. इस दौरान सहनी ने कहा कि वीआईपी किसी खास जाति की पार्टी नहीं बल्कि सभी जाति की पार्टी है.
आपके शहर में
बिहार के पूर्व मंत्री सहनी ने मिथिलेश विजय का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके और उनके समर्थकों के पार्टी में आने से पार्टी और मजबूत होगी. उन्होंने राजद के तोड़ने के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि जो लोग पार्टी में आना चाहते हैं, उसे रोका नहीं जा सकता. पार्टी की विचारधारा को लेकर लोगों में आकर्षण है.
पूर्व मंत्री सहनी ने यह भी कहा कि भाजपा बिना सहारे के बिहार में नहीं जीत सकती. उन्होंने कहा कि वीआईपी भले ही आज एनडीए में नहीं है लेकिन हम नीतीश कुमार के साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि लालू प्रसाद के विचारों के वे प्रशंसक रहे हैं. पत्रकारों द्वारा दो नाव की सवारी करने के प्रश्न के उत्तर में मुकेश सहनी ने कहा कि वीआईपी दो नावों पर नहीं अपनी नाव लेकर चल रही है. वीआईपी का नाव चुनाव चिन्ह भी है.
मुकेश सहनी ने कहा कि आज संसद जैसे लोकतंत्र के मंदिर में विपक्षियों की आवाज दबाई जा रही है. सीबीआई, ईडी के माध्यम से विपक्ष के लोगों या सरकार की आलोचना करने वालों को प्रताड़ित किया जा रहा है. उन्होंने तो यहां तक कह दिया कि नीतीश कुमार भी भाजपा से परेशान हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा का समय अब चला गया, लोग सब पहचान गए. इस दौरान सहनी ने मोकामा विधानसभा उपचुनाव में मजबूती से चुनाव लड़ने की घोषणा की. वे हालांकि ये भी कहा कि वे समान विचारधारा की पार्टियों के साथ है.
पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाले मिथिलेश विजय यादव ने भी कहा ‘सन ऑफ मल्लाह’ मुकेश सहनी की पार्टी की विचारधारा मुझे सामाजिक कार्यों के ज्यादा करीब लगती है. इस कारण मैंने अपने समर्थकों से आज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. उन्होंने कहा कि कोसी के लिए वे पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे.
Also Read: बिहार में अब 31 बाल सिपाही होंगे तैनात, अनुकंपा समिति की अनुशंसा पर DGP ने जारी किया आदेश
मिथिलेश विजय राजद के सलखुआ प्रखंड के अध्यक्ष और राजद पंचायती प्रकोष्ठ के सहरसा जिला अध्यक्ष सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं. उनके साथ वीआईपी की सदस्यता ग्रहण करने वालों में सहरसा युवा जिला अध्यक्ष हरिमचंद यादव, उपाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार, पूर्व जिला पार्षद, महिषी गणेश निषाद सहित सैकड़ों लोग थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए