बालू लदा ट्रैक्टर पलटा, नीचे दबे दो मजदूरों को जेसीबी से निकाला गया

भैरवस्थान थाना क्षेत्र के इमादपट्टी गांव में शनिवार को बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. इस हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से दो मजदूर घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से बाहर निकाला. घटना के बाद ओवरलोडिंग पर कार्रवाई की मांग उठी है.
Madhubani News: भैरवस्थान थाना क्षेत्र के इमादपट्टी गांव स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के पास शनिवार को बालू लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से दो मजदूर घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने जेसीबी की मदद से दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
जेसीबी की मदद से निकाले गए घायल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बालू लेकर जा रहा ट्रैक्टर ब्रह्म बाबा स्थान के पास मोड़ पर असंतुलित होकर पलट गया. ट्रैक्टर पर सवार दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत जेसीबी बुलाकर ट्रैक्टर हटाया और दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला.
इसके बाद दोनों मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया.
खैरा गांव के रहने वाले हैं दोनों मजदूर
बताया जा रहा है कि घायल दोनों मजदूर भैरवस्थान थाना क्षेत्र के खैरा गांव के रहने वाले हैं. हालांकि समाचार लिखे जाने तक उनकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी.
पुलिस ने शुरू की जांच
भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची. उन्होंने कहा कि हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. दोनों मजदूरों को मामूली चोटें लगी हैं और उनकी स्थिति खतरे से बाहर है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ओवरलोडिंग पर कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार से चलने वाले ट्रैक्टरों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजय कुमार
संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. चौसा (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










