ICU में AC से टपक रहा था पानी, डीएम के सख्त तेवर के बाद अस्पताल प्रबंधक पर कार्रवाई
आईसीयू में मरीज का इलाज करते डॉक्टर | Prabhat Khabar Network
मधुबनी सदर अस्पताल के ICU वार्ड में सेंट्रलाइज्ड AC से पानी रिसने की घटना ने स्वास्थ्य विभाग पर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस गंभीर लापरवाही पर जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है.
Madhubani Sadar Hospital: सदर अस्पताल के सबसे संवेदनशील हिस्से ICU वार्ड में पिछले 3-4 दिनों से सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनर से लगातार पानी का रिसाव हो रहा था. इससे वार्ड में पानी जमा हो रहा था. मामले का वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया. डीएम आनंद शर्मा के सख्त तेवर के बाद सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल प्रबंधक के 15 दिनों के वेतन की कटौती का आदेश जारी किया है.
आपके शहर में
ICU वार्ड में पानी जमा होने से उठे सवाल
सदर अस्पताल के ICU वार्ड में गंभीर रूप से बीमार मरीजों का इलाज होता है. ऐसे संवेदनशील वार्ड में छत से पानी टपकने और फर्श पर पानी जमा होने का वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे.
वीडियो वायरल होने के बाद मामला डीएम आनंद शर्मा के संज्ञान में पहुंचा. अधिकारियों के अनुसार, डीएम ने इसे मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला मानते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया.
कई दिनों से थी समस्या, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, AC से पानी टपकने की तकनीकी समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई थी. इसकी जानकारी अस्पताल प्रबंधन को थी. इसके बावजूद समस्या के तत्काल समाधान के लिए अस्पताल प्रबंधक के स्तर से पर्याप्त कार्रवाई नहीं की गयी.
अधिकारियों ने इसे कार्य के प्रति लापरवाही और उदासीनता माना है. मामले को लेकर जिला प्रशासन के निर्देश के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिम्मेदार पदाधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की.
24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण
सिविल सर्जन सह सदस्य सचिव जिला स्वास्थ्य समिति डॉ. हरेंद्र कुमार ने अस्पताल प्रबंधक के खिलाफ दंडात्मक आदेश जारी किया है. अस्पताल प्रबंधक को 24 घंटे के भीतर इस लापरवाही को लेकर अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है.
डीएम के निर्देश के आलोक में लापरवाही के लिए अस्पताल प्रबंधक के सितंबर 2026 के मानदेय से 15 दिनों की राशि की कटौती तत्काल प्रभाव से की गयी है.
संवेदनशील वार्ड में लापरवाही पर सख्त संदेश
जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से कहा गया कि अस्पताल का ICU सामान्य कमरा नहीं, बल्कि अतिसंवेदनशील क्षेत्र है. यहां भर्ती मरीजों को संक्रमण से बचाना और सभी आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखना प्राथमिकता है.
तकनीकी खराबी को कई दिनों तक नजरअंदाज किए जाने को गंभीर लापरवाही माना गया है. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था में इस तरह की लापरवाही और उदासीनता को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
यह भी पढ़ें
सकरी में रेस्ट हाउस की आड़ में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन युवतियां मुक्त, चार गिरफ्तार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए