मिड-डे मील बनाते समय स्कूल की रसोई में लगी आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

Updated:
विज्ञापन

स्कूल के परिसर में लोगों की भीड़ | Prabhat Khabar Network

मधुबनी के अंधराठाढ़ी प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय कष्मा गौड़ में मध्याह्न भोजन बनाते समय रसोई में आग लगने से हड़कंप मच गया. समय रहते ग्रामीणों ने आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया. स्कूल में कमर्शियल की जगह घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल पाया गया.

विज्ञापन

Madhubani News: मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय कष्मा गौड़ में बुधवार को मध्याह्न भोजन बनाते समय गैस भट्ठी के नॉब में अचानक आग लग गई. घटना से विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि ग्रामीणों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया. सभी छात्र और शिक्षक सुरक्षित हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

रसोई में लगी आग, सुरक्षित निकाले गए छात्र

जानकारी के अनुसार विद्यालय में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार किया जा रहा था. चावल बन चुका था और सब्जी पकाई जा रही थी. इसी दौरान गैस भट्ठी के नॉब में अचानक आग लग गई. उस समय रसोई के कमरे में चार बच्चे भी मौजूद थे.

आग लगते ही रसोइया, शिक्षक और बच्चे घबराकर विद्यालय से बाहर निकल गए.

ग्रामीणों ने समय रहते पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सूत के बोरे से आग को ढंककर उस पर काबू पा लिया. बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी विद्यालय पहुंची. हालांकि तब तक आग पूरी तरह बुझाई जा चुकी थी.

घरेलू सिलेंडर से बन रहा था भोजन

घटना के बाद विद्यालय में मध्याह्न भोजन व्यवस्था में लापरवाही भी सामने आई. विद्यालय में कमर्शियल सिलेंडर की जगह घरेलू एलपीजी सिलेंडर का उपयोग किया जा रहा था.

ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के बगल में दो वर्षों से किचन शेड अधूरा पड़ा है. साथ ही स्कूल में उपलब्ध अग्निशमन यंत्र की अवधि भी समाप्त हो चुकी है, जिससे आपात स्थिति में उसका उपयोग संभव नहीं था.

विद्यालय में कक्षा एक से पांच तक कुल 54 छात्र नामांकित हैं तथा तीन शिक्षक कार्यरत हैं.

प्रभारी प्रधानाध्यापक पूनम देवी ने बताया कि गैस एजेंसी ने कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध नहीं होने के कारण घरेलू सिलेंडर दिया था. उन्होंने यह भी कहा कि गैस एजेंसी की ओर से गैस सिलेंडर, भट्ठी और रेगुलेटर की नियमित जांच भी नहीं कराई जाती.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन