घर बैठे मिलेगी स्वास्थ्य जांच की सुविधा, मधुबनी में शुरू हुआ ‘चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान

Updated:
विज्ञापन

जागरूकता रथ को रवाना करते डीएम व एसएसपी | Prabhat Khabar Network

मधुबनी में 30 नवंबर तक गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग का विशेष अभियान चलेगा. जागरूकता रथ ग्रामीण और शहरी इलाकों में पहुंचेगा. उच्च रक्तचाप, मधुमेह और तीन सामान्य कैंसर समेत कई बीमारियों की जांच की जाएगी.

विज्ञापन

मधुबनी जागरूकता रथ: जिले में गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान और उपचार के लिए चल रहे ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान को गति दी गई है. जिलाधिकारी आनंद शर्मा और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ (एलईडी वाहन) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. यह रथ ग्रामीण और शहरी इलाकों में घूमकर लोगों को अभियान और गैर-संचारी रोगों की समय पर जांच के प्रति जागरूक करेगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

30 नवंबर तक चलेगा अभियान

जिले में यह अभियान 1 सितंबर से 30 नवंबर तक चलाया जा रहा है. इसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों की गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी. जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श, दवा वितरण और उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी.

अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और ऐसी बीमारियों की शुरुआती स्तर पर पहचान करना है, जिनका समय पर पता चलने पर बेहतर प्रबंधन और उपचार संभव है.

इन बीमारियों की होगी जांच

अभियान के दौरान उच्च रक्तचाप और मधुमेह के साथ तीन सामान्य कैंसर की स्क्रीनिंग पर भी जोर दिया जाएगा. इनमें मुंह का कैंसर, स्तन कैंसर और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर शामिल हैं.

इसके अलावा हृदय रोग, नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) जैसी बीमारियों की भी समय पर पहचान और आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा.

घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा

अभियान के तहत लोगों को गैर-संचारी रोगों के प्रति जागरूक करने के साथ जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी. चिकित्सकीय परामर्श के बाद आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और उपचार की सुविधा भी दी जाएगी.

स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि अभियान के जरिए ऐसे लोगों तक भी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें, जो नियमित जांच के लिए अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र तक नहीं पहुंच पाते हैं. समय पर बीमारी की पहचान होने से गंभीर स्थिति और असामयिक मौतों को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

जागरूकता रथ से बढ़ेगी लोगों की भागीदारी

एलईडी वाहन के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को अभियान की जानकारी दी जाएगी. स्वास्थ्य जांच के महत्व और गैर-संचारी रोगों से बचाव को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा.

इस अवसर पर अपर समाहर्ता मुकेश रंजन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (स्वास्थ्य) पंकज कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कुमार दीपक समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद थे.

यह भी पढे़ं:

ग्रामीण विकास पर डीडीसी सख्त: अधिकारियों को निर्देश- 'गांवों तक योजनाओं का पहुंचाएं लाभ'

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन