कन्हैया कुमार को अगवा करने की थी योजना, पहचान में भ्रम के कारण रोहित को उठा ले गए आरोपी; पांच गिरफ्तार

प्रेसवार्ता कर जानकारी देते एसडीपीओ व अन्य | Prabhat Khabar Network
बेनीपट्टी से रोहित कुमार का अपहरण कर लिया गया था. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर लिया है. पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपियों का निशाना कोई और था, लेकिन पहचान की गलती के कारण रोहित को उठा लिया गया.
Madhubani News: बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के सिरवारा भराठ गांव से कथित रूप से अपहृत रोहित कुमार को पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र के सिंगियाही निवासी आस्तिक ठाकुर, बौरा निवासी छोटू मंडल और माधव कुमार, हरदिया निवासी आशीष कुमार साह तथा चोरौत थाना क्षेत्र के बर्री निवासी विकास कुमार चौधरी के रूप में हुई है.
पूछताछ में किया चौंकाने वाला खुलासा
बेनीपट्टी स्थित कार्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि उनका निशाना कन्हैया कुमार था, लेकिन पहचान में भ्रम होने के कारण उन्होंने रोहित कुमार का अपहरण कर लिया. सभी आरोपितों के विरुद्ध बेनीपट्टी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
गोल्ड कारोबार के शक में बनाई थी योजना
एसडीपीओ ने बताया कि आरोपितों को सूचना मिली थी कि कन्हैया कुमार के पास अवैध रूप से बड़ी मात्रा में सोना है. इसी संदेह के आधार पर उसका अपहरण करने की योजना बनाई गई थी. घटना के दिन कन्हैया कुमार सिरवारा गांव में झोपड़ी निर्माण कार्य करा रहा था, जहां रोहित कुमार भी मौजूद था. बाद में आरोपी स्कॉर्पियो से पहुंचे. वाहन देखकर कन्हैया वहां से भाग निकला, जबकि आरोपितों ने रोहित को ही कन्हैया समझ लिया और पिस्टल सटाकर आंख पर पट्टी बांध उसे अपने साथ ले गए.
मारपीट कर होटल में रखा, पिता को दी धमकी
पुलिस के अनुसार आरोपितों ने रोहित कुमार के साथ मारपीट की और अगले दिन उसे भारत-नेपाल सीमा के निकट सीतामढ़ी जिले के सोनवर्षा स्थित एक होटल में रखा. वहीं से उसके पिता को फोन कर धमकी भी दी गई.
विशेष टीम ने की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर एसडीपीओ अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. तकनीकी सेल और बेनीपट्टी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पुपरी रेलवे स्टेशन के समीप से अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया.
कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन और छह मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. पुलिस ने बताया कि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
छापेमारी दल में बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अनुप कुमार, एसआई राम कुमार सिंह, तकनीकी सेल के विश्वनाथ कुमार, मनोहर कुमार, सुनील कुमार तथा बेनीपट्टी थाना के सिपाही विपीन कुमार और धर्मवीर कुमार शामिल थे.
यह भी पढ़ें: खुटौना में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 19 वर्षीय युवक की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










