मधुबनी: कछुवी विद्यालय में प्रबंध समिति का गठन, हर महीने होगी अभिभावक बैठक

Updated:
विज्ञापन

प्रबंध समिति के गठन के बाद अध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कछुवी में विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया गया, जिसमें रामाशंकर ठाकुर को अध्यक्ष चुना गया. भविष्य में हर महीने अभिभावक-शिक्षक बैठकें आयोजित की जाएंगी ताकि छात्रों की उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति पर नज़र रखी जा सके.

विज्ञापन

Madhubani News: झंझारपुर प्रखंड के कछुवी गांव स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में विद्यालय प्रबंध समिति का गठन किया गया. विद्यालय के अध्यक्ष के रूप में रामाशंकर ठाकुर का चयन किया गया. वहीं शिक्षा प्रेमी सदस्य के रूप में रमन कुमार सिंह, अनुसूचित जाति महिला सदस्य के रूप में संतोलिया देवी, वरीय शिक्षक सदस्य के रूप में बमभोली झा तथा सचिव के रूप में प्रधानाध्यापिका सोनी कुमारी को जिम्मेदारी सौंपी गई.

विज्ञापन

नवनियुक्त सदस्यों का किया गया सम्मान

प्रबंध समिति की बैठक प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शिवनारायण कुमार सुमन की उपस्थिति में आयोजित हुई. बैठक में उप प्रमुख नितेश शर्मा, मानस मयंक, पंचायत समिति सदस्य कुमर लाल कामत, रामेश्वर पासवान सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे. इस अवसर पर नवनियुक्त अध्यक्ष और समिति के सदस्यों को पाग और दोपट्टा देकर सम्मानित किया गया.

बैठक की शुरुआत विद्यालय की छात्राओं खुशी कुमारी, गीता कुमारी, आस्था कुमारी और नंदनी कुमारी के स्वागत गीत से हुई.

हर महीने होगी अभिभावक-शिक्षक बैठक

बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि प्रत्येक माह के अंतिम शुक्रवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित की जाएगी. इसमें छात्रों की उपस्थिति, पठन-पाठन और शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा की जाएगी.

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शिवनारायण कुमार सुमन ने कहा कि विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम है. इसे बढ़ाने के लिए अभिभावकों के साथ नियमित बैठक करने का निर्णय सराहनीय है.

शिक्षकों की कमी दूर कराने का भरोसा

नवनियुक्त अध्यक्ष रामाशंकर ठाकुर ने कहा कि विद्यालय में करीब 250 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, लेकिन प्रतिदिन केवल 100 से 110 विद्यार्थी ही उपस्थित होते हैं. उन्होंने नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही.

उन्होंने बताया कि नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए केवल चार तथा 11वीं और 12वीं के लिए मात्र दो शिक्षक कार्यरत हैं. विद्यालय में कुल सात शिक्षक हैं. उन्होंने शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रखंड और जिला स्तर पर पहल करने का आश्वासन दिया.

सीमित संसाधनों में बेहतर परिणाम

प्रधानाध्यापिका सोनी कुमारी ने कहा कि सीमित शिक्षकों और संसाधनों के बावजूद विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन कराने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि इसी का परिणाम है कि इस वर्ष मैट्रिक परीक्षा में विद्यालय के विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहतर रहा.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन