सेवा संकल्प अभियान को लेकर डीएम की समीक्षा बैठक, दीप जलाने से ड्रोन कवरेज तक बनी योजना
बैठक में डीएम और जिला स्तरीय अधिकारी
प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प पर आधारित 'सेवा संकल्प अभियान' के लिए मधुबनी में तैयारियां जोरों पर हैं. जिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर विस्तृत योजना की समीक्षा की.
Madhubani News: प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा एवं समर्पण तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प पर आधारित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मधुबनी में तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार आयोजित किया जाएगा. इसके सफल और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में विभागवार जिम्मेदारी, जनभागीदारी, प्रचार-प्रसार और कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गयी.
अभियान के लिए विभागवार कार्ययोजना बनाने का निर्देश
डीएम आनंद शर्मा ने सभी विभागों को सरकारी मार्गदर्शिका के अनुसार समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से अभियान के कार्यक्रमों को पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ आमजन को योजनाओं के प्रति जागरूक करना जरूरी है. सभी विभागों को अपने स्तर पर स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने को कहा गया.
‘आशीर्वाद का दीया’ के लिए माइक्रो प्लान तैयार होगा
17 सितंबर की संध्या आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों की विशेष समीक्षा की गयी. डीएम ने जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर जलाए जाने वाले दीपों की संख्या का आकलन कर माइक्रो प्लान तैयार करने का निर्देश दिया. कार्यक्रम स्थल, दीपों की व्यवस्था और वितरण, मानव संसाधन, समन्वय, स्वच्छता और विद्युत व्यवस्था को माइक्रो प्लान में शामिल करने को कहा गया.
जीविका और नगर निकाय की होगी अहम भागीदारी
डीएम ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए जीविका, नगर निकाय, पीडीएस डीलरों और अन्य कर्मियों को सक्रिय रूप से जोड़ने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचायी जाए और दीप वितरण की व्यवस्था पहले से सुव्यवस्थित कर ली जाए, ताकि आयोजन के दिन किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हो.
रंगोली और रोशनी से सजेंगे आयोजन स्थल
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए जिले के विभिन्न स्थानों पर आकर्षक रंगोली बनाने का निर्देश दिया गया. इसके साथ आयोजन स्थलों पर स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर रखने पर भी जोर दिया गया. डीएम ने सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारियां पहले से पूरी करने को कहा.
ड्रोन से होगी कार्यक्रम की विशेष कवरेज
कार्यक्रम की व्यापक जनभागीदारी और भव्यता को प्रभावी ढंग से दिखाने के लिए ड्रोन कैमरे से गुणवत्तापूर्ण फोटो और वीडियो कवरेज कराने पर भी विशेष जोर दिया गया. डीएम ने निर्देश दिया कि कार्यक्रम की फोटो, वीडियो, रील, शॉर्ट वीडियो और सकारात्मक कहानियां तैयार की जाएं, ताकि मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान की गतिविधियां आमजन तक पहुंच सकें.
ये भी पढ़ें: जिस काम का असर बच्चों की जिंदगी पर दिखा, उसी के लिए सीतामढ़ी की नुसरत जहां को मिला बिहार केसरी सम्मान
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए