बेनीपट्टी में आधी रात बड़ी लूट, पिस्टल के बल पर महिला को बंधक बनाया, नाक से भी जेवर खींच ले गए
घटना के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान | Prabhat Khabar Network
मधुबनी के बेनीपट्टी के सरिसब गांव में रविवार अहले सुबह चार हथियारबंद अपराधियों ने एक घर में घुसकर वृद्ध महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की और लाखों के जेवर व नकदी लूट लिए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Benipatti Loot: नगर पंचायत बेनीपट्टी के सरिसब गांव में रविवार की अहले सुबह चार हथियारबंद अपराधियों ने घर में घुसकर वृद्ध महिला के साथ मारपीट की और लूटपाट की. अपराधियों ने महिला के हाथ-पैर और मुंह कपड़े से बांधकर करीब आधे घंटे तक कमरे में लूटपाट की. घटना में करीब 2 से 2.5 लाख रुपये मूल्य के जेवर और नकदी चोरी होने की बात सामने आयी है.
आपके शहर में
चार बदमाशों ने घर में घुसकर वृद्ध महिला को बनाया निशाना
बताया जाता है कि सरिसब गांव निवासी शुभचंद्र झा के घर में रविवार सुबह करीब तीन बजे चार अज्ञात अपराधी चाहरदीवारी फांदकर दाखिल हुए. उस समय उनकी वृद्ध पत्नी फुलदाई देवी दो मंजिले मकान की निचली मंजिल के एक कमरे में सो रही थीं.
गृहस्वामी और उनकी नवविवाहिता पुत्री दूसरी मंजिल पर अलग-अलग कमरों में सो रहे थे. अपराधियों में दो के पास पिस्टल और अन्य के हाथ में लोहे का रॉड था.
दरवाजा तोड़कर कमरे में घुसे, महिला से की मारपीट
अपराधियों ने वृद्ध महिला के कमरे का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर घुसकर रुपये और जेवरात के बारे में पूछताछ करने लगे. जानकारी देने में आनाकानी करने और शोर मचाने पर अपराधियों ने महिला के साथ मारपीट की तथा हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी.
इसके बाद बदमाशों ने महिला के हाथ, पैर और मुंह कपड़े से बांध दिए. करीब आधे घंटे तक कमरे में रखे पेटी-बक्से और ट्रंक खंगालते रहे.
नाक से जेवर खींचने से वृद्ध महिला घायल
अपराधी सोने का मंगलसूत्र, नाक का छक, कान के टॉप्स और करीब पांच हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये. नाक में पहना छक खींचने के दौरान वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गयीं.
गनीमत रही कि महिला ने दूसरी मंजिल पर सो रहे अपने पति और नवविवाहिता पुत्री के बारे में अपराधियों को कुछ नहीं बताया. इससे दूसरी मंजिल पर बड़ी वारदात होने से बच गयी.

पुलिस और एफएसएल टीम ने शुरू की जांच
अपराधियों के भागने के बाद वृद्ध महिला किसी तरह दूसरी मंजिल पर पहुंचीं और पति व पुत्री को घटना की जानकारी दी. शोर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और डायल 112 को सूचना दी.
सूचना मिलते ही बेनीपट्टी थानाध्यक्ष अनूप कुमार, एसआइ राजनंदन प्रसाद और राम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. बाद में ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़, प्रभारी डीएसपी अंकुर कुमार और सर्किल पुलिस इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे.
जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से विभिन्न निशान और नमूने एकत्र किये. पुलिस ने स्वान दस्ता और टेक्निकल टीम की भी मदद ली है.
घायल महिला मधुबनी रेफर
लूटपाट में घायल फुलदाई देवी को अनुमंडल अस्पताल बेनीपट्टी ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधुबनी रेफर कर दिया.
गृहस्वामी के अनुसार, घटना में करीब 2 से 2.5 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़ ने बताया कि एफएसएल और टेक्निकल टीम की मदद से विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है. स्वान दस्ता भी बुलाया गया है. उन्होंने जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और घटना का उद्भेदन करने की बात कही.
यह भी पढ़ें
Madhubani News: झंझारपुर की बीस सूत्री बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क समेत कई मुद्दों पर चर्चा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए