Madhubani: झंझारपुर में बीस सूत्री की बैठक, अवैध क्लीनिकों पर कार्रवाई की मांग
बीस सूत्री की बैठक में शामिल सदस्य | Prabhat Khabar Network
झंझारपुर नगर परिषद में बीस सूत्री (बीस सूत्री) की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई, जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और बिजली जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदस्यों ने चिंता व्यक्त की. बैठक में विशेष रूप से अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम और क्लीनिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई.
Madhubani News: झंझारपुर नगर परिषद के सम्राट अशोक भवन में शुक्रवार को प्रखंड कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक अध्यक्ष कुमार राजा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, सड़क, बिजली और अंचल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सदस्यों ने सवाल उठाये.
आपके शहर में
बैठक में सिरखरिया गांव में खेल मैदान के लिए भूमि आवंटन का प्रस्ताव भी रखा गया. सदस्यों ने कहा कि युवाओं के लिए खेल मैदान जरूरी है.
झंझारपुर में सिर्फ तीन नर्सिंग होम वैध
अध्यक्ष कुमार राजा ने पीएचसी प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार से प्रखंड में वैध नर्सिंग होम की संख्या के बारे में जानकारी मांगी. प्रभारी ने बताया कि झंझारपुर प्रखंड में मात्र तीन नर्सिंग होम ही वैध रूप से संचालित हैं.
इस पर सदस्यों ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
अनुमंडल अस्पताल में जांच और सिटी स्कैन का मुद्दा उठा
सदस्य सत्यनारायण मंडल ने अनुमंडल अस्पताल में ब्लड ग्रुप जांच, अल्ट्रासाउंड और सिटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने का मामला उठाया.
जवाब में डीएस डॉ. रमन पासवान ने बताया कि तकनीशियन और डॉक्टर की कमी के कारण ब्लड जांच बाधित है. वहीं अस्पताल को अब तक सिटी स्कैन मशीन उपलब्ध नहीं करायी गयी है.
एक सदस्य ने पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम में कार्यरत कर्मियों को समय पर भुगतान नहीं होने की शिकायत भी की.
अंचलाधिकारी प्रशांत कुमार झा ने कहा कि जमीन की जमाबंदी अनिवार्य कर दी गयी है. वासगीत पर्चा केवल भूमिहीन महादलित और ओबीसी परिवारों को ही दिया जा सकता है.
उपाध्यक्ष ने उठाये पांच मुद्दे
उपाध्यक्ष ठक्को राय ने विद्यापति टॉवर की साफ-सफाई, सर्वसीमा उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण में शिथिलता और सर्वसीमा विद्यालय में चारदीवारी, मुख्य द्वार, शौचालय एवं आरओ की व्यवस्था का मुद्दा उठाया.
उन्होंने सर्वसीमा उप-स्वास्थ्य केंद्र को अतिरिक्त पीएचसी बनाने तथा वार्ड 14 के आंगनबाड़ी केंद्र पर सेविका-सहायिका की नियुक्ति की मांग भी रखी.
बैठक में उपाध्यक्ष ठक्को राय, उप प्रमुख लता देवी, बीडीओ पंकज कुमार दीक्षित, सीओ प्रशांत कुमार झा, सिटी मैनेजर संजय कुमार, कृषि समन्वयक विजय कुमार, बीपीआरओ विनय प्रभाकर, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. रमन पासवान, टैक्स अध्यक्ष विजय महतो, दिलीप शाह, रामचंद्र राय, पप्पू शाह, राजेश मिश्रा, बजरंगी दास सहित कई सदस्य मौजूद थे.
यह भी पढ़ें
Madhubani News: त्योहार से पहले चीनी महंगी, खुदरा कीमत 74 रुपये किलो तक पहुंची
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए