आंगनबाड़ी सेविका व पति पर 4 वर्षीय बच्चे की बेरहमी से पिटाई का आरोप, आंत फटने से दिल्ली एम्स में भर्ती
एम्स में भर्ती बालक अंतेश कुमार | Prabhat Khabar Network
बासोपट्टी के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 49 में 4 वर्षीय बच्चे की बेरहमी से पिटाई का मामला, सेविका और उसके पति पर प्राथमिकी दर्ज, दिल्ली एम्स में इलाज जारी।
बासोपट्टी आंगनबाड़ी मारपीट: मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड क्षेत्र स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 49 पर चार वर्षीय मासूम बच्चे की बेरहमी से पिटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मारपीट में गंभीर रूप से घायल बच्चे की आंत फट गई है और उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है. मामले को लेकर मनमोहन गांव निवासी रामसखी देवी ने स्थानीय थाने में सेविका और उसके पति के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है.
आपके शहर में
बेहोशी की हालत में बच्चे को घर पर फेंककर भागे आरोपी
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मनमोहन गांव के आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 49 पर मंजू कुमारी सेविका और रानी कुमारी सहायिका पद पर कार्यरत हैं. आवेदिका रामसखी देवी ने आरोप लगाया है कि 22 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे उनका 4 वर्षीय पोता अंतेश कुमार ठाकुर केंद्र पर गया था. सुबह पौने नौ बजे गांव में शोर हुआ कि सेविका मंजू कुमारी और उसके पति राम पलट दास बच्चे की बेरहमी से पिटाई कर उसे बेहोशी की हालत में उसके घर पर फेंककर फरार हो गए हैं.
घटना से जुड़े मुख्य बिंदु:
- गंभीर चोटें: चिकित्सकों के अनुसार बेरहमी से मारपीट के कारण मासूम अंतेश की आंत फट गई है और किडनी में गंभीर चोट लगने से सूजन आ गई है.
- इलाज का घटनाक्रम: स्थानीय निजी अस्पताल और सदर अस्पताल के बाद बच्चे को पीएमसीएच पटना और फिर वहां से दिल्ली एम्स रेफर किया गया, जहां वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है.
- पूर्व में भी पिटाई का आरोप: परिजनों का कहना है कि करीब एक महीने पहले भी सेविका और उसके पति ने बच्चे को जमीन पर पटक कर पेट में मारा था.
पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जान से मारने की नीयत से बच्चे को पीटा गया है. बासोपट्टी थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि परिजनों के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले का गहन अनुसंधान कर रही है.
ये भी पढ़ें: घोघरडीहा में नियोजित शिक्षकों को तीन माह से नहीं मिला वेतन, परिवार चलाना हुआ मुश्किल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए