सील गोदाम से 4800 लीटर जब्त तेल गायब, सामान की सुरक्षा पर सवाल
सील गोदाम से तेल गायब (सांकेतिक तस्वीर)
मधुबनी के बासोपट्टी में सील गोदाम से 4800 लीटर जब्त तेल गायब हो गया है, जिससे आपूर्ति विभाग में हड़कंप मचा है. मामले की जांच जारी है.
Madhubani News: मधुबनी जिले के बासोपट्टी में प्रशासन की ओर से जब्त किए गए करीब 4800 लीटर अवैध किरासन तेल, पेट्रोल और डीजल के गायब होने का मामला सामने आया है. जिस गोदाम को छापेमारी के बाद सील किया गया था, वहां से जब्त सामान गायब मिलने पर आपूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया. मामले में आपूर्ति निरीक्षक विपिन आंसू ने शनिवार देर शाम बासोपट्टी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
जानकारी के अनुसार, बीते 10 अक्टूबर को छतौनी चौक स्थित एक गोदाम में एसएसबी, बासोपट्टी थाना पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की थी. इस दौरान बड़ी मात्रा में अवैध किरासन तेल, पेट्रोल और डीजल के साथ खाद भी जब्त की गयी थी. कार्रवाई के बाद गोदाम को सील कर दिया गया था.
खाद का नमूना लेने पहुंची टीम तो खुला मामला
शनिवार को कृषि विभाग की टीम जब्त खाद का नमूना लेने के लिए गोदाम पहुंची. अधिकारियों ने गोदाम खुलवाया तो अंदर रखा खाद और डीजल-पेट्रोल गायब मिला. जांच के दौरान करीब 4800 लीटर जब्त तेल के भी नहीं मिलने की बात सामने आयी.
गोदाम से जब्त सामान गायब मिलने के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों के बीच अफरातफरी मच गयी. इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
गोदाम की जांच के दौरान कृषि पदाधिकारी, बासोपट्टी के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, थानाध्यक्ष कार्तिक भगत, अनुसंधानकर्ता अरविंद कुमार पासवान और कोऑर्डिनेटर संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
जांच के बाद गोदाम को पुराने ताले की जगह नया ताला लगाकर दोबारा सील कर दिया गया. गोदाम की चाबी अनुसंधानकर्ता को सौंप दी गयी, ताकि आगे की जांच की जा सके.
प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस कर रही जांच
मामले को लेकर आपूर्ति निरीक्षक विपिन आंसू ने शनिवार देर शाम बासोपट्टी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी. थानाध्यक्ष कार्तिक भगत ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है.
अब पुलिस इस बात की जांच करेगी कि प्रशासन की ओर से सील किए गए गोदाम से जब्त सामान कैसे गायब हुआ और इसके लिए कौन जिम्मेदार है.
ये भी पढ़ें: मधुबनी सदर अस्पताल में आज इन डॉक्टरों की तैनाती, अभी देख लें रोस्टर
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए