ePaper

मधुबनी : पंप मालिक की हत्या, थाने में तोड़फोड़

Updated at : 17 Dec 2019 6:14 AM (IST)
विज्ञापन
मधुबनी : पंप मालिक की हत्या, थाने में तोड़फोड़

पंप मालिक की हत्या, थाने में तोड़फोड़ मधुबनी की घटना, बदमाशों ने पेट्रोल पंप मालिक से छह लाख लूटे मधुबनी : सकरी थाना क्षेत्र के रैयाम बलिया गांव में सोमवार को सुनैना किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप के मालिक धनंजय झा की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी और करीब छह लाख रुपये लूट […]

विज्ञापन
पंप मालिक की हत्या, थाने में तोड़फोड़
मधुबनी की घटना, बदमाशों ने पेट्रोल पंप मालिक से छह लाख लूटे
मधुबनी : सकरी थाना क्षेत्र के रैयाम बलिया गांव में सोमवार को सुनैना किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप के मालिक धनंजय झा की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी और करीब छह लाख रुपये लूट लिये. जिस वक्त यह घटना हुई धनंजय पेट्रोल पंप से रैयाम बाजार स्थित सेंट्रल बैंक में पैसे जमा करने जा रहे थे.
घटना पेट्रोल पंप व रैयाम थाने के बीच हुई. घटनास्थल से पिस्टल की लोडेड मैगजीन मिली है. अपराधियों ने जिस जगह पेट्रोल पंप मालिक को गोली मारी, वहां से दरभंगा जिले के रैयाम थाना की दूरी सिर्फ 500 मीटर है. लोगों ने घटना की सूचना रैयाम थाने को दी, लेकिन थाना से पुलिस बल नहीं पहुंचा. घटनास्थल मधुबनी जिले के सीमा क्षेत्र में है.
लोगों का गुस्सा भड़का और उन्होंने रैयाम थाने में जमकर तोड़फोड़ की. बड़ी संख्या में पहुंचे आक्रोशित लोगों ने रैयाम थाना पर रोड़ेबाजी की. थाना के वाहनों को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया. सामान व फर्नीचर को तोड़ कर उनमें आग लगा दी. करीब एक घंटे तक लोग थाना पर हंगामा करते रहे और पुलिस थाना के अंदर छिपी रही.
आक्रोशित लोगों ने थानाप्रभारी के आवास पर भी रोड़ेबाजी की. मार्शल, जीप को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर पलट दिया. इसके बाद थाना प्रभारी के आवास में घुस कर एक बाइक को बाहर निकाला व उसको भी क्षतिग्रस्त कर दिया. बाद में घटना की सूचना मिलने पर दरभंगा से भारी संख्या में पुलिस के जवान पहुंचे और उपद्रवी को खोजबीन शुरू की.
लोगों ने रैयाम -मधुबनी- दरभंगा सड़क मार्ग को भी देर शाम तक जाम किये रखा. उनका कहना था कि यदि समय रहते रैयाम थाना की पुलिस पहुंचती तो अपराधी पकड़े जाते.
थाने के कई वाहनों को किया क्षतिग्रस्त, फर्नीचर को भी जलाया
आक्रोिशत लोगों ने चार घंटे तक डीएसपी को घेरे रखा
पेट्रोल पंप मालिक की हत्या की सूचना पर घटनास्थल पर पुलिस बल के साथ पहुंचीं मधुबनी सदर डीएसपी कामिनी बाला को लोगों ने पेट्रोल पंप परिसर में ही गेट का ताला लगा कर रोक दिया. करीब चार घंटे तक डीएसपी व पुलिस के जवान पेट्रोल पंप परिसर में घिरे रहे. इस दौरान शव को भी पंप परिसर में रखा गया था.
पेट्रोल पंप से निकले ही थे कि बाइक सवार अपरािधयों ने गोली मार दी
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार के बाद से तीन दिन तक पेट्रोल पंप पर हुई बिक्री का पैसा लेकर (छह लाख रुपये) दिन में करीब 11.45 बजे धनंजय झा बाइक से रैयाम स्थित सेंट्रल बैंक में जमा करने निकले. पेट्रोल पंप से करीब दो मिनट की दूरी पर अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और पैसे लेकर भाग निकले. कुछ लोगों का कहना था कि एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है.
रैयाम थानाध्यक्ष की लापरवाही सामने आयी है. उन्हें निलंबित कर दिया गया है. थाना में हंगामे के दौरान थानाध्यक्ष ने लोगों को समझाने का भी प्रयास नहीं किया. हंगामा करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है.
बाबू राम, एसएसपी
अपराधियों का कुछ सुराग मिला है. एएसपी सदर कामिनी बाला के नेतृत्व मे एसआइटी गठित की गयी है़ इसमें इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, सकरी, पंडौल व रहिका के थानाध्यक्ष एवं तकनीकी सेल को लगाया गया है.
डॉ सत्यप्रकाश, एसपी, मधुबनी
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन