मधेपुरा में दिनदहाड़े किसान से लूट की कोशिश, कट्टा सटाकर की मारपीट, इलाके में दहशत

सांकेतिक तस्वीर
Saharsa Crime News: सहरसा में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं. शुक्रवार सुबह दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक किसान को हथियार के बल पर रोककर लूटने की कोशिश की. विरोध करने पर बदमाशों ने किसान के चेहरे पर कट्टा के बट से हमला कर दिया और फरार हो गए.
Saharsa Crime News: संजय कुमार, मुरलीगंज (मधेपुरा). सहरसा–पूर्णिया एनएच-107 से काशीपुर बायपास होकर कुमारखंड चंडी स्थान जाने वाली सड़क पर शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. पीड़ित किसान उपेंद्र दास किसी काम से मुरलीगंज जा रहे थे, तभी अपाचे बाइक पर सवार दो युवकों ने रास्ते में उनकी गाड़ी रोक ली. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में बढ़ते अपराध और पुलिस गश्ती की कमी पर सवाल उठाए हैं.
मरम्मत कराने जा रहे किसान को बनाया निशाना
केवटगामा निवासी किसान उपेंद्र दास अपने अनाज तौलने वाले कांटा की मरम्मत कराने मुरलीगंज जा रहे थे. इसी दौरान काशीपुर बायपास के पास अपाचे बाइक पर सवार दो युवक उनके सामने आकर रुक गए.
पीड़ित किसान ने बताया कि बदमाशों ने पहले देसी कट्टा सटाकर पैसे की मांग की. जब उन्होंने पैसे नहीं होने की बात कही तो एक युवक ने कट्टा के बट से उनके चेहरे पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से किसान घायल हो गए.
वारदात के बाद फरार हुए बदमाश
मारपीट करने के बाद दोनों अपराधी मौके से कुमारखंड की ओर फरार हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने घायल किसान की मदद की और घटना की जानकारी पुलिस को दी.
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके के लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. लोगों का कहना है कि इस सड़क पर पहले भी कई आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं.
पुलिस गश्ती पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि काशीपुर बायपास होकर गुजरने वाली यह सड़क लंबे समय से असुरक्षित बनी हुई है. यहां नियमित पुलिस गश्ती नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं.
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस सड़क पर पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की गयी तो ऐसी घटनाएं आगे भी होती रहेंगी.
Also Read: पटना में आज : जानें PMCH में OPD में कौन डॉक्टर रहेंगे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










