धान रोपनी की तैयारी के दौरान सांप ने डसा, इलाज के दौरान 32 वर्षीय युवक की मौत

Author Sanjay kumar|Edited by Pintu Pranav
Updated:
विज्ञापन

मधेपुरा नगर पंचायत में धान रोपनी के दौरान एक दर्दनाक घटना हुई, जहाँ 32 वर्षीय पप्पू कुमार साह की सर्पदंश से मौत हो गई. गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर भी जान नहीं बचाई जा सकी.

विज्ञापन

Madhepura Snake Bite: मधेपुरा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 निवासी 32 वर्षीय पप्पू कुमार साह की सर्पदंश से मौत हो गई. रविवार को खेत में धान रोपनी के लिए कीचड़ तैयार करने के दौरान उन्हें जहरीले सांप ने डस लिया था. गंभीर हालत में पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

खेत में काम करने के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान स्वर्गीय नत्थन साह के पुत्र पप्पू कुमार साह के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार वह रविवार को खेत में धान की रोपनी के लिए कीचड़ तैयार कर रहे थे. इसी दौरान खेत में छिपे एक विषैले सांप ने उन्हें डस लिया. शुरुआत में परिजन स्थिति की गंभीरता को नहीं समझ सके, जिससे उपचार में देरी हो गई.

अस्पताल पहुंचने तक पूरे शरीर में फैल चुका था जहर

Madhepura Snake Bite: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात डॉ. मुकेश पांडेय एवं डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि रविवार की रात करीब 12:55 बजे पप्पू कुमार साह को अस्पताल लाया गया. सांप काटने के लगभग एक घंटे बाद अस्पताल पहुंचने तक जहर पूरे शरीर में फैल चुका था. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष नुरूल हक ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. सोमवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

मुआवजे की उठी मांग

घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है. स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन