मधेपुरा में बोरी में मिले सविता देवी के शव मामले में FIR दर्ज, पिता ने 7 लोगों पर लगाया हत्या का आरोप

मौके पर जांच करती पुलिस (फाइल फोटो)
Madhepura News: मधेपुरा जिले में विवाहिता सविता देवी के बोरी में बंद मिले शव के मामले में एक नया मोड़ आया है. मृतका के पिता ने सात लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है. पुलिस ने जांच तेज कर दी है.
Madhepura News: मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में बोरी में बंद मिले विवाहिता सविता देवी के शव मामले ने नया मोड़ ले लिया है. घटना के तीन दिन बाद मृतका के पिता ने थाना में लिखित आवेदन देकर सात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है. आवेदन के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है. इस हत्याकांड को लेकर पहले से ही इलाके में कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच केवल साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी.
पिता ने सात लोगों पर लगाया हत्या का आरोप
उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बुधमा ओपी अंतर्गत नयानगर वार्ड संख्या-14 में बोरी में बंद मिले विवाहिता सविता देवी के शव मामले में मृतका के पिता सुरेंद्र दास ने लिखित आवेदन देकर सात लोगों को नामजद किया है.
ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर वार्ड संख्या-9 निवासी सुरेंद्र दास ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी पुत्री की शादी करीब 10 वर्ष पहले नयानगर निवासी प्रकाश शर्मा के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी. उन्होंने बताया कि उनका दामाद पंजाब में मजदूरी करता है, जबकि सविता गांव में रहती थी.
हत्या कर शव बोरे में छिपाने का आरोप
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पुरानी रंजिश के कारण 2 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6 बजे सविता देवी की हत्या कर दी गई. इसके बाद शव को बोरे में बंद कर बांसबिट्टी में छिपा दिया गया.
मृतका के पिता ने फुलो शर्मा, उपेंद्र शर्मा, लूटन शर्मा, प्रदीप शर्मा, विकास शर्मा, बादल शर्मा और सोनू शर्मा पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए सभी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
उन्होंने आवेदन में यह भी बताया कि अंतिम संस्कार हो जाने के कारण थाना में आवेदन देने में विलंब हुआ.
यह भी पढ़ें: आलू की खेती से लाखों कमाना चाहते हैं? कृषि वैज्ञानिक ने बताए बंपर मुनाफे के आसान तरीके
Madhepura News: 2 जुलाई को बोरे में मिला था शव
गौरतलब है कि 2 जुलाई को नयानगर गांव स्थित बांसबिट्टी से बोरी में बंद सविता देवी का शव बरामद हुआ था. सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए थे. उस समय पुलिस ने बताया था कि परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिलने के कारण प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी.
कई पहलुओं पर चल रही है जांच
घटना के बाद इलाके में प्रेम प्रसंग, 30 जून को हुई पंचायत और सोशल मीडिया पर वायरल कथित समझौता पत्र को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं होती रही हैं.
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल दस्तावेज की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच किसी भी अफवाह के आधार पर नहीं, बल्कि उपलब्ध साक्ष्यों और वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर की जा रही है.
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सविता देवी अपने पीछे चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं. घटना के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है. स्थानीय ग्रामीणों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: भागलपुर में चौंकाने वाली खोज, सैंडिस कंपाउंड के जिस पत्थर पर लोग बैठते थे वह निकला दुर्लभ ट्री फॉसिल
Also Read: 21 साल से वही स्वाद… मुजफ्फरपुर के इस समोसे के लिए आज भी दूर-दूर से पहुंचते हैं लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कौनैन वशीर
कौनैन वशीर प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. वर्ष 2001 में अमर उजाला से पत्रकारिता की शुरुआत की. अभी उदाकिशनगंज (मधेपुरा) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










