पटना में गैस बुकिंग के बाद 10 दिन का इंतजार, मुख्य सचिव का आदेश-हर हाल में खत्म हो बैकलॉग
Published by : Pratyush Prashant Updated At : 07 Apr 2026 9:29 AM
सांकेतिक तस्वीर
LPG Crisis: पटना में एलपीजी गैस की किल्लत अब गंभीर संकट का रूप लेती जा रही है. तेल कंपनियों के दावों के बावजूद बैकलॉग लगातार बढ़ रहा है. सिर्फ 6 दिनों में ही 21 हजार से ज्यादा सिलेंडरों का बैकलॉग बढ़ गया है, जिससे आम लोग परेशान हैं और सप्लाई सिस्टम पर भारी दबाव बन गया है.
LPG Crisis: पटना में एलपीजी सप्लाई चेन को बुरी तरह बिखर गई है. आलम यह है कि महज छह दिनों के भीतर पटना में गैस का बैकलॉग 21 हजार से ज्यादा बढ़कर 1.63 लाख के पार पहुंच गया है.
आम लोगों के लिए स्थिति यह हो गई है कि जो सिलेंडर पहले बुकिंग के दो-तीन दिनों में मिल जाता था, उसके लिए अब 10 दिनों से ज्यादा का इंतजार करना पड़ रहा है. गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की लंबी लाइनें प्रशासन की चुनौतियों को बयां कर रहे हैं.
एक्शन मोड में मुख्य सचिव
संकट की गंभीरता को देखते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने सोमवार को क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप (सीएमजी) की आपात बैठक बुलाई. मुख्य सचिव ने तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में निर्देश दिया है कि आमलोगों की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर हाल में इस बैकलॉग को खत्म करना होगा.
उन्होंने पीएनजी पाइपलाइन कार्यों की धीमी रफ्तार पर भी गहरी नाराजगी जाहिर की और कहा कि यदि मिशन मोड में काम नहीं हुआ और लक्ष्य पूरे नहीं हुए, तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. सरकार का स्पष्ट मानना है कि सप्लाई चेन में आ रही बाधाओं को युद्ध के बहाने टाला नहीं जा सकता.
सरकार भविष्य के संकट से निपटने के लिए पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शनों को बढ़ाने पर जोर दे रही है. इसके लिए आईटीआई के छात्रों और प्लंबरों को विशेष ट्रेनिग दिया जा रहा है ताकि पटना के हर घर तक पाइप से गैस पहुंचाई जा सके और सिलेंडरों पर निर्भरता कम हो.
घरेलू सिलेंडर की चोरी पर केस दर्ज
एक तरफ आम जनता गैस के लिए परेशान है, वहीं दूसरी तरफ घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक इस्तेमाल थम नहीं रहा है. प्रशासन ने सोमवार को पटना की 16 जगहों पर छापेमारी की, जिसमें छह गैस एजेंसियां भी रडार पर रहीं. इस दौरान दो होटलों पर घरेलू सिलेंडर का अवैध उपयोग करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है.
अब तक की कार्रवाई में कुल 22 एफआईआर हो चुकी हैं और 121 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं.
बुकिंग ज्यादा, सप्लाई कम
पटना में 1 अप्रैल को जहां गैस सिलेंडरों का बैकलॉग 1.42 लाख था, वहीं 6 अप्रैल तक यह बढ़कर 1.63 लाख पहुंच गया. इससे साफ है कि सप्लाई की रफ्तार मांग के मुकाबले काफी पीछे चल रही है. हालात ऐसे हैं कि गैस डिलीवरी का इंतजार अब 7 दिन से बढ़कर 10 दिन तक पहुंच गया है.
सोमवार को 30 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं ने गैस बुकिंग कराई, लेकिन सप्लाई बेहद सीमित रही. इंडियन ऑयल और एचपीसीएल से एक भी सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो सकी, जबकि बीपीसीएल से सिर्फ 6,736 सिलेंडर पहुंचे. आरा के गिद्धा बॉटलिंग प्लांट में साप्ताहिक अवकाश के कारण सप्लाई और प्रभावित हुई.
Also Read: विधायक ओसामा साहब के खिलाफ FIR, सिवान पुलिस ने शुरू की जांच, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










