सैदपुरा पैक्स चुनाव अगले आदेश तक स्थगित, एक सितंबर को होना था मतदान
फोटो- पिपरिया प्रखंड कार्यालय | Prabhat Khabar Network
बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने पिपरिया प्रखंड के सैदपुरा पैक्स के निर्वाचन कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है. बाढ़ और अन्य कारणों से एक सितंबर को होने वाला मतदान अब अनिश्चित काल के लिए टल गया है. प्रत्याशियों और क्षेत्र के लोग नई तिथि की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं.
लखीसराय, सूर्यगढ़ा. बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने पिपरिया प्रखंड स्थित सैदपुरा प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड के निर्वाचन कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. प्राधिकार की ओर से 29 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना में इसकी जानकारी दी गयी है.
आपके शहर में
28 जुलाई की अधिसूचना के तहत तय हुआ था निर्वाचन कार्यक्रम
अधिसूचना के अनुसार बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार ने पूर्व में 28 जुलाई 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 1826 के माध्यम से सैदपुरा पैक्स के निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा की थी. जिला सहकारिता पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से 29 अगस्त को भेजे गए अनुरोध के आलोक में निर्वाचन कार्यक्रम को अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्णय लिया गया है.
एक सितंबर को अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए होना था मतदान
प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि सैदपुरा पैक्स में अध्यक्ष और सदस्य पद के लिए एक सितंबर को मतदान होना था. इसके लिए चुनाव की आवश्यक तैयारियां भी पूरी कर ली गयी थीं.
लेकिन क्षेत्र में बाढ़ के हालात सहित अन्य कारणों को देखते हुए निर्वाचन कार्यक्रम को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है.
सभी प्रत्याशियों को दी गयी चुनाव स्थगित होने की सूचना
निर्वाचन कार्यक्रम स्थगित किए जाने की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी की ओर से सभी संबंधित अभ्यर्थियों को दे दी गयी है. इसके अलावा क्षेत्र में चुनाव स्थगित होने की जानकारी का प्रचार-प्रसार भी कराया गया है. निर्वाचन से संबंधित सूचना को सरकारी कार्यालय में भी चस्पा कर दिया गया है, ताकि प्रत्याशियों और आम लोगों को इसकी जानकारी मिल सके.
पूर्व अधिसूचना की अन्य शर्तें रहेंगी यथावत
प्राधिकार की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि 28 जुलाई 2026 को जारी पूर्व अधिसूचना की अन्य शेष बातें यथावत रहेंगी. फिलहाल सैदपुरा पैक्स चुनाव की नई तिथि की घोषणा नहीं की गयी है. अब प्रत्याशियों और क्षेत्र के लोगों की नजर बिहार राज्य निर्वाचन प्राधिकार के अगले आदेश पर टिकी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए