हलसी अंचल कार्यालय में शनिवारी जनता दरबार, चार भूमि विवादों की हुई सुनवाई

Updated:
विज्ञापन

फोटो- फरियादीयो की सुनवाई करते सीओ संजीव कुमार राय एवं राजस्व अधिकारी कुसुम कुमारी | Prabhat Khabar Network

हलसी अंचल कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े चार मामलों की सुनवाई हुई, जिसमें से दो का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया।

विज्ञापन

लखीसराय, हलसी. अंचल कार्यालय हलसी में शनिवार को शनिवारी जनता दरबार का आयोजन किया गया. अंचल अधिकारी संजीव कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े कुल चार मामलों की सुनवाई हुई. सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद दो मामलों का आपसी सहमति से मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष दो मामलों में अगली तारीख पर उपस्थित होने के लिए नोटिस जारी किया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बमुआरा के भूमि विवाद का आपसी सहमति से निष्पादन

पहला मामला बमुआरा गांव का था. बमुआरा निवासी मो. इदरीश के पुत्र मो. साहेराब और धारो यादव के पुत्र उमेश यादव के बीच जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था.

जनता दरबार में अधिकारियों ने दोनों पक्षों से संबंधित दस्तावेज लिए और पूरे मामले को समझा. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बन गई और मामले का निष्पादन कर दिया गया.

प्रतापपुर के जमीन विवाद का भी हुआ समाधान

दूसरा मामला प्रतापपुर गांव का था. यहां पतरज मांझी के पुत्र माधुरी मांझी और सोमर मांझी के पुत्र चमारी मांझी के बीच जमीन में हिस्सा नहीं मिलने को लेकर विवाद था. जनता दरबार में दोनों पक्षों को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया. बातचीत के बाद आपसी सहमति बनने पर इस मामले का भी मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया.

दो मामलों में अगली सुनवाई के लिए जारी किया गया नोटिस

भूमि विवाद से जुड़े दो अन्य मामलों में तत्काल सहमति नहीं बन सकी. इसके बाद दोनों पक्षों को अगली सुनवाई की तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है.अंचल प्रशासन की ओर से दोनों मामलों में आगे नियमानुसार सुनवाई की जाएगी.

छोटे भूमि विवादों के त्वरित समाधान का है उद्देश्य

सीओ संजीव कुमार राय ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य छोटे-छोटे भूमि विवादों का आपसी सहमति और नियमानुसार त्वरित समाधान करना है. उन्होंने कहा कि पक्षकार आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनता दरबार में आकर अपनी समस्या रख सकते हैं, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके. उन्होंने सभी लोगों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन