लखीसराय में बाढ़ का कहर, दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क टूटा

Updated:
विज्ञापन

फोटो 1 साबिकपुर दामोदरपुर रास्ता हुआ भंग फोटो 2 म्यूजियम हुआ जलमग्न फोटो_ 3 रेहुआ गांव हुआ जलमग्न | Prabhat Khabar Network

लखीसराय में गंगा के बढ़ते जलस्तर से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है. सड़कों के डूबने से दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क टूट गया है. म्यूजियम और डीएवी स्कूल तक भी पानी पहुंच गया है, जिससे स्थानीय लोग चिंतित हैं.

विज्ञापन

लखीसराय. गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण हो रही बारिश से सदर प्रखंड में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गयी है. बड़हिया रोड स्थित एनएच-80 से साबिकपुर जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह पानी में डूब गयी है. वहीं अमहरा के रास्ते मखदुमपुर और रामनगर जाने वाला संपर्क मार्ग भी जलमग्न हो चुका है. सड़कों के डूबने से साबिकपुर, अमहरा, मखदुमपुर, रामनगर, बभनगंवा समेत दर्जनों गांवों का प्रखंड मुख्यालय से सीधा संपर्क प्रभावित हो गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

म्यूजियम और डीएवी स्कूल तक पहुंचा बाढ़ का पानी

लगातार बढ़ रहे जलस्तर का असर अब शहर के बाहरी इलाकों तक पहुंच गया है. बालगुदर स्थित एनएच-80 के समीप संग्रहालय परिसर तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है. वहीं एनएच-80 स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के आसपास भी पानी पहुंच गया है. स्थिति को देखते हुए स्कूल प्रशासन को एहतियातन अलर्ट पर रखा गया है.

रेहुआ में 50 घरों में घुसा पानी, ऊंचे स्थानों पर पहुंचे लोग

रेहुआ गांव की मुख्य सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी बह रहा है. बाढ़ का पानी गांव के करीब 50 घरों में घुस गया है. पानी बढ़ने के बाद लोग घरों का सामान छोड़कर सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर शरण लेने को मजबूर हैं. गांव में आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है.

कई गांवों की सड़कों पर चलने लगी नाव

अमहरा, रामनगर बभनगंवा और रामनगर गांवों में भी स्थिति लगातार बिगड़ रही है. इन इलाकों की सड़कों पर घुटने से ऊपर पानी बह रहा है. जलस्तर बढ़ने के कारण कई स्थानों पर नाव चलाने की नौबत आ गयी है. ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

कई स्कूल बंद, ग्रामीणों को राहत का इंतजार

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए दियारा क्षेत्र और लखीसराय प्रखंड के कई सरकारी एवं निजी स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है. प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गयी है.

प्रभावित इलाकों का जायजा ले रही प्रशासनिक टीम

प्रखंड प्रशासन की टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार जायजा ले रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है. हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ से प्रभावित इलाकों में अब तक राहत सामग्री नहीं पहुंची है. जलस्तर लगातार बढ़ने के बीच ग्रामीणों ने प्रशासन से राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन