दूसरी कक्षा के आठ वर्षीय छात्र को चोरी के आरोप में कमरे में बंद कर पीटने का आरोप, जांच के आदेश

Updated:
विज्ञापन

फोटो- बच्चे के शरीर पर जख्म का निशान | Prabhat Khabar Network

कजरा मध्य विद्यालय में एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जहाँ एक आठ वर्षीय छात्र को चोरी के आरोप में कथित तौर पर कमरे में बंद कर पीटा गया. छात्र की तबीयत बिगड़ने के बाद परिजनों ने शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

विज्ञापन

लखीसराय, सूर्यगढ़ा. कजरा मध्य विद्यालय में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले आठ वर्षीय छात्र को चोरी के आरोप में कमरे में बंद कर छड़ी से पीटने का आरोप सामने आया है. घटना के बाद छात्र की तबीयत बिगड़ने और तेज बुखार होने की बात कही जा रही है. पीड़ित छात्र के स्वजन ने संबंधित शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है. घटना से संबंधित वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने की बात सामने आयी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

छात्रा के आरोप के बाद शिक्षक पर पिटाई करने का आरोप

पीड़ित छात्र की पहचान कजरा क्षेत्र के सहमालपुर गांव निवासी संतोष कुमार के आठ वर्षीय पुत्र साहिल कुमार के रूप में हुई है. छात्र की मां सूजा कुमारी के अनुसार, विद्यालय में एक छात्रा ने उनके पुत्र पर चोरी का आरोप लगाया था. इसके बाद शिक्षक रोहित आर्यन ने साहिल को कथित तौर पर कमरे में बंद कर दिया.

मां का आरोप है कि कमरे में बंद करने के बाद शिक्षक ने छड़ी से बच्चे की पिटाई की. घटना के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है.

पिटाई के बाद बिगड़ी बच्चे की तबीयत

स्वजन के अनुसार, मारपीट की घटना के बाद से साहिल की तबीयत खराब रहने लगी और उसे तेज बुखार हो गया. परिवार के सदस्य बच्चे की स्थिति को लेकर चिंतित हैं. स्वजन का कहना है कि इतनी कम उम्र के बच्चे के साथ कथित मारपीट का उसके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.

मां बोलीं- गलती थी तो समझाते, मारते क्यों

घटना के बाद छात्र की मां सूजा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने का स्थान है. यदि उनके पुत्र से कोई गलती हुई थी तो उसे समझाया जा सकता था. इतने छोटे बच्चे को कमरे में बंद कर छड़ी से पीटना उचित नहीं है.

उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

स्वजन ने बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की

पीड़ित के स्वजन का कहना है कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन और शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविकता सामने लाने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की.

स्वजन के अनुसार, स्थानीय पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गयी है. हालांकि, कजरा थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि मामले को लेकर उन्हें अब तक कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.

जांच के बाद होगी नियमानुसार कार्रवाई

कजरा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एजाज आलम ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. मामले की जांच करायी जाएगी. उन्होंने कहा कि जांच में आरोप सही पाये जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन