अनुपस्थित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगने का दिया आदेश

Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 12 Feb 2026 7:10 PM

विज्ञापन

जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने गुरुवार को बड़हिया नगर क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों का औचक निरीक्षण किया

विज्ञापन

-बड़हिया में डीएम ने विभिन्न कार्यालयों में किया औचक निरीक्षण

बड़हिया. जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने गुरुवार को बड़हिया नगर क्षेत्र के विभिन्न सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों का औचक निरीक्षण किया. डीएम के अचानक निरीक्षण से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गयी. डीएम ने निरीक्षण की शुरुआत प्रखंड सह अंचल कार्यालय से की. इस दौरान उन्होंने नव प्रस्तावित कार्यालय भवन निर्माण के लिए चयनित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया. भूमि की स्थिति पर संतोष जताते हुए उन्होंने पुराने भवन को ध्वस्त कर नये भवन निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने का संकेत दिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित योजनाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. इसके बाद डीएम रेफरल अस्पताल पहुंचे, जहां रोस्टर का पालन नहीं होने और स्थापना पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जतायी. उन्होंने संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया. साथ ही उपस्थित चिकित्सकों की हाजिरी पंजिका की जांच कर अनुपस्थित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगने का आदेश दिया गया. अस्पताल परिसर में गंदगी पाये जाने पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि स्वच्छता के अभाव में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना संभव नहीं है. निरीक्षण के क्रम में डीएम बाहा पुल क्षेत्र पहुंचे, जहां उन्होंने जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया. नगर परिषद के अधिकारियों को जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी रवि कुमार, नगर परिषद सभापति प्रतिनिधि सुजीत कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे. इसके बाद डीएम वार्ड संख्या 20 स्थित प्राथमिक विद्यालय अनुसूचित जाति टोला इंदुपुर पहुंचे. विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्था, स्वच्छता एवं उपलब्ध संसाधनों को देखकर उन्होंने संतोष जताया. प्रधानाध्यापक मनोज कुमार पांडेय द्वारा तैयार आनंददायी कक्षा की उन्होंने विशेष सराहना करते हुए इसे अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणादायी मॉडल बताया. डीएम ने विद्यालय की सुसज्जित दीवारों एवं शैक्षणिक माहौल की प्रशंसा की और बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान बीडीओ प्रतीक कुमार, सीओ प्रतीक कुमार, डॉ. सुधा कुमारी, अन्नू कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे. डीएम के इस औचक निरीक्षण से प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही बढ़ाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जतायी जा रही है.

विज्ञापन
Rajeev Murarai Sinha Sinha

लेखक के बारे में

By Rajeev Murarai Sinha Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन