15 जुलाई से शुरू होगा राजकीय डिग्री कॉलेजों का नया सत्र, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा की
लखीसराय के जिलाधिकारी ने राजकीय डिग्री कॉलेजों में 15 जुलाई से शुरू होने वाले नए अकादमिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा की. सत्र समय पर शुरू कराने और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया.
Government Degree College: लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार ने जिले के राजकीय डिग्री कॉलेज चानन, रामगढ़ चौक, पिपरिया एवं हलसी के प्राचार्यों के साथ बैठक कर आगामी 15 जुलाई से शुरू होने वाले अकादमिक सत्र की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में कॉलेजों में मूलभूत सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों एवं छात्राओं के आवागमन की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई. डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
13 जुलाई तक पूरी होंगी सभी तैयारियां
बैठक के दौरान सभी प्राचार्यों ने बताया कि कॉलेजों में आवश्यक सामग्री की उपलब्धता के लिए कार्यादेश जारी कर दिया गया है और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी. इस पर डीएम ने निर्देश दिया कि 13 जुलाई तक सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध करा दिए जाएं, ताकि 15 जुलाई से शैक्षणिक गतिविधियां बिना किसी बाधा के शुरू हो सकें.
छात्राओं के लिए चलेगी पिंक बस
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए 13 जुलाई तक पिंक बस की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी जाएगी. इस सुविधा से दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को कॉलेज पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी और उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी.
डाटा एंट्री ऑपरेटर की मांग
सभी प्राचार्यों ने प्रत्येक महाविद्यालय में एक-एक डाटा एंट्री ऑपरेटर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया. इस पर डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि सभी प्राचार्य जल्द अपना-अपना अनुरोध पत्र उपलब्ध कराएं, ताकि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई की जा सके.
समय पर सत्र शुरू कराने पर जोर
Government Degree College: जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप निर्धारित समय पर नया शैक्षणिक सत्र शुरू कराना प्राथमिकता है. इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में कोई कमी न रहने दें.बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी राजकीय डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.
READ ALSO:मद्य-निषेध दरोगा परीक्षा को लेकर लखीसराय पुलिस अलर्ट: रातभर चला 'रोको-टोको अभियान'
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए