लखीसराय-मुंगेर को बड़ी सौगात: भागलपुर-अहमदाबाद अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू, 28 अगस्त को अभयपुर में पहली बार रुकेगी ट्रेन
फोटो- अमृत भारत एक्सप्रेस | Prabhat Khabar Network
अहमदाबाद से भागलपुर के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया है, जो लखीसराय-मुंगेर क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी सौगात है. 28 अगस्त से अभयपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव शुरू होगा, जिससे गुजरात आने-जाने वालों को बड़ी सुविधा मिलेगी.
लखीसराय. अहमदाबाद से भागलपुर के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू हो गया है. ट्रेन पटना, मोकामा, किऊल, अभयपुर और जमालपुर के रास्ते भागलपुर तक जाएगी. ट्रेन के परिचालन से लखीसराय-मुंगेर क्षेत्र के यात्रियों में खुशी का माहौल है.
आपके शहर में
28 अगस्त से अभयपुर में मिलेगा ठहराव
रेलवे के अनुसार 28 अगस्त को पहली बार अमृत भारत एक्सप्रेस का अभयपुर रेलवे स्टेशन पर ठहराव होगा. अहमदाबाद से भागलपुर की ओर आने वाली ट्रेन सुबह करीब चार बजे अभयपुर पहुंचेगी. वापसी में इसी दिन ट्रेन भागलपुर से शाम 4:45 बजे रवाना होकर शाम 6:15 बजे अभयपुर पहुंचेगी. इसके बाद ट्रेन किऊल की ओर रवाना होगी.
लंबे समय से की जा रही थी ठहराव की मांग
अभयपुर में ट्रेन के ठहराव की मांग क्षेत्र के लोग लंबे समय से कर रहे थे. पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार के आग्रह पर मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इस मामले में पहल की थी. सांसद की पहल के बाद ट्रेन का ठहराव स्वीकृत होने को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.
गुजरात आने-जाने में लोगों को मिलेगी सुविधा
पूर्व जिला परिषद सदस्य आशुतोष कुमार ने ट्रेन के ठहराव पर खुशी जताते हुए कहा कि अभयपुर और आसपास के लोगों को गुजरात आने-जाने में काफी सुविधा होगी. क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार और व्यवसाय के सिलसिले में अहमदाबाद समेत गुजरात के विभिन्न शहरों में रहते हैं. नई ट्रेन से उन्हें बेहतर और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी. उन्होंने ट्रेन के ठहराव की मांग पूरी कराने के लिए सांसद ललन सिंह और रेल सेवा को स्वीकृति देने के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार जताया.
व्यापारिक और सामाजिक संबंध मजबूत होने की उम्मीद
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ बिहार और गुजरात के बीच व्यापारिक एवं सामाजिक संबंध भी मजबूत होंगे. ट्रेन के ठहराव को लेकर अभयपुर, पीरीबाजार और जमालपुर क्षेत्र के यात्रियों में खासा उत्साह है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए