दिल्ली की कंपनी से रुपये लेकर भागा युवक, किऊल पुलिस की मदद से चार लाख बरामद
Published by : Rajeev Murarai Sinha Sinha Updated At : 03 Feb 2026 6:33 PM
दिल्ली की कंपनी से रुपये लेकर भागा युवक, किऊल पुलिस की मदद से चार लाख बरामद
लखीसराय. दिल्ली की एक कंपनी में हेराफेरी कर रुपये लेकर भागे युवक के घर जब दिल्ली पुलिस किऊल थाना पहुंची, तो मामले का खुलासा हुआ. किऊल थाना पुलिस के सहयोग से पुलिस ने खगौर गांव से न केवल आरोपित को दबोचा, बल्कि उसके भाई के खाते में जमा कराई गई चार लाख रुपये की राशि भी बरामद कर ली.
कंपनी के रुपये भाई के खाते में किए थे जमा
थानाध्यक्ष बृजेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि खगौर निवासी लोहा बिंद का पुत्र नीरज कुमार दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत था. वहां काम के दौरान वह कंपनी के चार लाख रुपये लेकर रफूचक्कर हो गया और अपने घर लौट आया. घर आने के बाद उसने उक्त राशि अपने भाई धीरज बिंद को थमा दी, जिसने चालाकी दिखाते हुए पूरी रकम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अपने खाते में जमा कर दी.
पूछताछ में कबूला जुर्म, बैंक से निकासी कर लौटी पुलिस
दिल्ली पुलिस ने जब किऊल थाना पहुंचकर स्थानीय पुलिस के साथ नीरज के घर पर दबिश दी, तो परिजनों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने नीरज व उसके भाई धीरज को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां नीरज ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने रकम भाई के खाते में डाल दी है. मंगलवार को दिल्ली पुलिस धीरज को साथ लेकर बैंक पहुंची व खाते में जमा राशि की पुष्टि के बाद निकासी कर उसे जब्त कर लिया.
राशि मिलते ही छोड़े गए दोनों भाई
थानाध्यक्ष ने बताया कि दिल्ली पुलिस का मुख्य उद्देश्य गबन की गयी राशि की बरामदगी थी. बैंक से चार लाख रुपये की बरामदगी होने के बाद दिल्ली पुलिस ने मानवीय आधार पर धीरज व नीरज को चेतावनी देकर छोड़ दिया. राशि जब्त करने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मंगलवार को वापस लौट गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Rajeev Murarai Sinha Sinha
Rajeev Murarai Sinha Sinha is a contributor at Prabhat Khabar.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










