14 वर्षीय आदिवासी किशोरी लापता, गिट्टी प्लांट के बाहर तीर-धनुष के साथ प्रदर्शन

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
ठाकुरगंज के झरुवाडां गांव से 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के लापता होने के बाद इलाके में तनाव है. परिजनों ने एक गिट्टी प्लांट कर्मी पर किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है. गुस्साए ग्रामीणों ने तीर-धनुष के साथ प्लांट के बाहर प्रदर्शन किया.
ठाकुरगंज (किशनगंज). ठाकुरगंज प्रखंड की जिरनगच्छ पंचायत के झरुवाडां गांव से 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के लापता होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. परिजनों ने गांव के समीप निर्माणाधीन सड़क परियोजना और केकेएम गिट्टी प्लांट में कार्यरत एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है. मामले को लेकर ठाकुरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर किशोरी की सकुशल बरामदगी और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की गई है.
ग्रामीणों का कहना है कि 18 जून को भी इसी पंचायत क्षेत्र से दो नाबालिग लड़कियों के लापता होने का मामला सामने आया था. परिजनों ने उस समय भी थाना में आवेदन दिया था, लेकिन अब तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका है. ग्रामीणों का आरोप है कि यदि पहले मामले में प्रभावी कार्रवाई होती तो दोबारा ऐसी घटना नहीं होती. हालांकि पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की जांच अलग-अलग तथ्यों के आधार पर की जा रही है.
तीर-धनुष के साथ किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आदिवासी समाज के लोग केकेएम गिट्टी प्लांट और निर्माण स्थल के बाहर एकत्र हो गए. प्रदर्शन के दौरान लोग अपनी पारंपरिक पहचान के प्रतीक तीर-धनुष के साथ पहुंचे और किशोरी की जल्द सकुशल बरामदगी की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक किशोरी बरामद नहीं होती और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक गिट्टी प्लांट और सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं होने दिया जाएगा.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर ठाकुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद परिजनों ने थाना में लिखित आवेदन सौंपा. पुलिस ने बताया कि किशोरी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
प्रदर्शन में सुपौल बासकी, मिनी टुडू, साहेब मरांडी, राम मुरमू, दिलीप कुमार, कुमार मुर्मू तथा वार्ड सदस्य दिनेश कुमार हेमरम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.
वार्ड सदस्य दिनेश कुमार हेमरम ने कहा कि क्षेत्र की बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किशोरी की जल्द बरामदगी नहीं हुई तो आदिवासी समाज बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा. वहीं साहेब मरांडी ने आरोप को गंभीर बताते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. कुमार मुर्मू ने उम्मीद जताई कि पुलिस जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपित को कानून के दायरे में लाएगी.
समाचार लिखे जाने तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल सका था. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है.
और यह भी पढ़ें : पानी पार कर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे, हवाकोल में आरसीसी पुल की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By बच्छराज
बच्छराज प्रिंट माध्यम में 25 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. ठाकुरगंज (किशनगंज) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










