किशनगंज: चुरली पॉलिटेक्निक में सीनियर-जूनियर छात्रों के बीच हिंसक झड़प, हॉकी स्टिक के हमले से छात्र ICU में भर्ती

Updated:
विज्ञापन

घायल युवक | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

चुरली पॉलिटेक्निक कॉलेज में सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. हॉकी स्टिक से हुए हमले में एक जूनियर छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे ICU में भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद कॉलेज में छात्र सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

विज्ञापन

किशनगंज, ठाकुरगंज. चुरली स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज के सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच चल रहा विवाद सोमवार देर रात हिंसक हो गया. सीनियर छात्रों के साथ मारपीट में सीवान निवासी 18 वर्षीय जूनियर छात्र अश्विनी तिवारी उर्फ अनमोल गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके चेहरे और नाक पर गंभीर चोट लगी है. प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिलीगुड़ी रेफर किया गया, जहां उसका आईसीयू में इलाज चल रहा है.

विज्ञापन

चाय-नाश्ता कर लौट रहा था छात्र, रास्ते में हुआ विवाद

बताया गया कि अश्विनी कॉलेज के छात्रावास में नहीं रहता था और चुरली में किराये के मकान में रह रहा था. सोमवार को वह अपने दो साथियों के साथ चाय-नाश्ता करने के बाद वापस लौट रहा था. इसी दौरान सीनियर छात्रों से उसका विवाद हो गया. घायल छात्र की ओर से लगाए गए आरोप के अनुसार समीर राज, आयुष कुमार सहनी समेत करीब सात-आठ छात्रों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि इसी दौरान हॉकी स्टिक से उसके चेहरे पर वार किया गया, जिससे नाक में गंभीर चोट लगी.

फोन पर कहासुनी के बाद आमने-सामने आने की बात

घटना को लेकर सामने आई दूसरी जानकारी में विवाद की शुरुआत फोन पर कहासुनी और गाली-गलौज से होने की बात कही जा रही है. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. हालांकि विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

घटना के बाद साथियों ने घायल अश्विनी को ठाकुरगंज के नियाज अस्पताल पहुंचाया. उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सिलीगुड़ी रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है.

पिता ने लगाया दो महीने से रैगिंग का आरोप

घायल छात्र के पिता राजू तिवारी ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को करीब दो महीने से रैगिंग के नाम पर परेशान किया जा रहा था. उन्होंने बताया कि छात्रावास में सीट नहीं मिलने के कारण उनका बेटा कॉलेज के बाहर किराये के मकान में रह रहा था.

घटना की जानकारी मिलने के बाद राजू तिवारी सीवान से सिलीगुड़ी के लिए रवाना हुए. हालांकि रैगिंग के आरोप की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि मारपीट की घटना का संबंध रैगिंग से था या किसी अन्य विवाद से.

कॉलेज प्रबंधन ने कहा, परिसर के बाहर हुई घटना

कॉलेज प्राचार्य की ओर से बताया गया कि घटना कॉलेज परिसर के बाहर चुरली में हुई है. प्रबंधन को घटना की जानकारी मिली है और पूरे मामले की जानकारी सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस स्तर से भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस जांच के बाद ही मारपीट में शामिल छात्रों की भूमिका और विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

छात्र की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद कॉलेज में सीनियर-जूनियर छात्रों के बीच विवाद, विद्यार्थियों की सुरक्षा और छात्रावास में जगह नहीं मिलने के कारण बाहर रहने वाले छात्रों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं. अब जांच की रिपोर्ट और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन