290 ग्राम हेरोइन के साथ महिला तस्कर समेत तीन गिरफ्तार, ड्रग नेटवर्क की जांच तेज
फोटो- प्रेस वार्ता करते एसपी संतोष कुमार
किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 290 ग्राम हेरोइन जब्त की है. इस दौरान एक महिला तस्कर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है.
किशनगंज. मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में किशनगंज पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली. दो अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने कुल 290.07 ग्राम हेरोइन जब्त करने का दावा किया है. इस दौरान एक महिला तस्कर समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. एसपी संतोष कुमार ने शनिवार को एसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर कार्रवाई की जानकारी दी.
आपके शहर में
खगड़ा कर्बला में महिला तस्कर गिरफ्तार
पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के खगड़ा कर्बला में की गई. पुलिस ने छापेमारी कर पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के मौजमपुर, कालियाचक निवासी शैली खातून को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार तलाशी के दौरान उसके पास से 186.19 ग्राम हेरोइन बरामद की गई.
सिंहिया कुलामनी में दो आरोपित दबोचे गए
दूसरी कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र के सिंहिया कुलामनी में हुई. पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अकबर आलम और उसके सहयोगी अभिषेक कुमार, निवासी रूईधासा, के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के कब्जे से 103.88 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है.
ड्रग नेटवर्क के कनेक्शन खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है. जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटाकर इलाके में सक्रिय ड्रग नेटवर्क की अन्य कड़ियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.
पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की तैयारी
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जांच में सामने आने वाले अन्य संदिग्धों और नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए