किशनगंज पुलिस का नया अंदाज, गुड मॉर्निंग वॉक के साथ करेगी सुरक्षा की पड़ताल
एसपी संतोष कुमार | Prabhat Khabar Network
किशनगंज पुलिस ने आम जनता की सुरक्षा और बेहतर संवाद के लिए मॉर्निंग गश्ती और गुड मॉर्निंग वॉक की शुरुआत की है। जानें इस नई पहल की पूरी जानकारी यहाँ।
किशनगंज : आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने और पुलिस व जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से किशनगंज पुलिस ने नई पहल शुरू की है. पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले के पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के लिए मॉर्निंग गश्ती और गुड मॉर्निंग वॉक अनिवार्य किया गया है.
आपके शहर में
निर्देश के अनुसार रात की ड्यूटी और आपातकालीन ड्यूटी में तैनात कर्मियों को छोड़कर अन्य पुलिसकर्मी प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 6:45 बजे तक अपने-अपने थाना क्षेत्रों में गश्ती करेंगे. इस दौरान पुलिसकर्मी पीटी ड्रेस, ट्रैक सूट या कार्यकारी वर्दी में पार्क, मुख्य मार्ग, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धार्मिक स्थल, शैक्षणिक संस्थान और अन्य संवेदनशील स्थानों का भ्रमण करेंगे.
लोगों से संवाद कर लेंगे सुरक्षा की जानकारी
मॉर्निंग गश्ती के दौरान पुलिसकर्मियों को वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों और आम लोगों से मिलकर उनका अभिवादन करने तथा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी प्रतिक्रिया लेने का निर्देश दिया गया है. इसका उद्देश्य लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाना और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा संबंधी समस्याओं की जानकारी प्राप्त करना है.
महिला थाना की पुलिस टीम को स्कूलों, कोचिंग संस्थानों और छात्रावासों के आसपास विशेष रूप से गश्ती करने का निर्देश दिया गया है. वहीं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों और अंचल पुलिस निरीक्षकों को भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहने को कहा गया है.
पुलिस अधीक्षक के इस निर्देश के बाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सुबह-सुबह पुलिस की सक्रिय मौजूदगी दिखाई देगी. पुलिस का मानना है कि इस पहल से अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा और विश्वास की भावना भी मजबूत होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए