ठाकुरगंज स्टेशन के उद्घाटन से पहले डीआरएम ने किया निरीक्षण, धीमी रफ्तार पर अधिकारियों को फटकार
सौन्दर्यकारण का जायजा लेते अधिकारी | Prabhat Khabar Network
ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन के 30 सितंबर को होने वाले उद्घाटन से पहले निर्माण कार्यों की धीमी गति ने रेलवे अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है. डीआरएम किरेन्द्र नाराहा ने अचानक निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्धारित समय पर काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं.
किशनगंज, ठाकुरगंज. 30 सितंबर को ठाकुरगंज रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन के रूप में उद्घाटन की तैयारी चल रही है, लेकिन इससे पहले निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार ने रेलवे अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है. गुरुवार को कटिहार रेल मंडल के डीआरएम किरेन्द्र नाराहा अचानक करीब एक घंटे तक स्टेशन पर डटे रहे और निर्माणाधीन कार्यों का बारीकी से जायजा लिया. काम की गति संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी और निर्धारित तिथि तक सभी कार्य पूरे करने का निर्देश दिया.
आपके शहर में
वेटिंग रूम और दिव्यांग बुकिंग काउंटर का लिया जायजा
डीआरएम ने निर्माणाधीन वेटिंग रूम, दिव्यांग यात्रियों के लिए बनाए जा रहे बुकिंग काउंटर समेत स्टेशन परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की वर्तमान प्रगति और निर्धारित समयसीमा की जानकारी ली. निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की स्थिति को लेकर डीआरएम ने गंभीरता दिखाई.
धीमी रफ्तार पर प्रवर अनुभाग अभियंता को फटकार
निर्माण कार्य की गति पर नाराजगी जताते हुए प्रवर अनुभाग अभियंता (कार्य) रुपेश कुमार को फटकार लगाई गई. डीआरएम ने स्पष्ट किया कि 30 सितंबर को उद्घाटन की तारीख निर्धारित है और अब किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने हर हाल में निर्धारित तिथि तक निर्माण कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम दिया. डीआरएम के सख्त रुख के बाद निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और एजेंसी के बीच हड़कंप की स्थिति रही.

मुख्य द्वार की चौड़ाई को लेकर मुख्य पार्षद ने जताई आपत्ति
निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल ने भी डीआरएम के समक्ष स्टेशन के विकास से जुड़े कई मुद्दे उठाए. उन्होंने आरओबी और फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग रखी. साथ ही प्रस्तावित मुख्य द्वार की चौड़ाई कम होने पर आपत्ति जताते हुए कहा कि भविष्य में यात्रियों की संख्या बढ़ने पर संकरा मुख्य द्वार परेशानी का कारण बन सकता है.
उन्होंने मांग की कि निर्माण पूरा होने से पहले मुख्य द्वार की चौड़ाई की समीक्षा कर इसे पर्याप्त चौड़ा किया जाए, ताकि भविष्य में यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के दौरान परेशानी नहीं हो.
डीआरएम ने जनप्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना
डीआरएम किरेन्द्र नाराहा ने जनप्रतिनिधियों की ओर से उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही जानकारी ली. करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण के बाद यह स्पष्ट हुआ कि 30 सितंबर के उद्घाटन से पहले शेष निर्माण कार्यों को पूरा करना रेलवे की प्राथमिकता है. अब निर्माण कार्य की प्रगति पर अधिकारियों की सीधी निगरानी रहने की संभावना है.
रेलवे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
निरीक्षण के दौरान सीनियर डीएनसी प्रभात रंजन सिंह, सीनियर डीसीएम अनूप सिंह, सीएमआई राजदीप, मुख्य पार्षद सिकंदर पटेल, वार्ड पार्षद अमित सिन्हा, प्रतिनिधि खालिक अंसारी समेत रेलवे के अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए