बोर्ड के आदेश की अनदेखी पर घिरे JE : कार्यशैली पर सवाल, कार्रवाई की मांग
नप अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान | Prabhat Khabar Network
नगर परिषद किशनगंज के मुख्य पार्षद ने वार्ड 24 के कनीय अभियंता पर जलजमाव की समस्या पर रिपोर्ट न सौंपने का आरोप लगाया है. उन्होंने इस लापरवाही को बोर्ड के आदेश की अवहेलना बताते हुए कार्रवाई की मांग की है.
किशनगंज : नगर परिषद किशनगंज के मुख्य पार्षद इंद्रदेव पासवान ने वार्ड संख्या 24 के कनीय अभियंता पर जलजमाव की समस्या को लेकर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है. उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र भेजकर संबंधित कनीय अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और निलंबन की अनुशंसा सक्षम प्राधिकारी को भेजने का आग्रह किया है.
आपके शहर में
15 दिनों में देनी थी रिपोर्ट, नहीं सौंपी
मुख्य पार्षद ने पत्र में कहा है कि 20 जुलाई 2026 को नगर परिषद बोर्ड की बैठक में शहर में जलजमाव की समस्या को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया था. इसमें सभी कनीय अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्र में जलजमाव वाले स्थानों का निरीक्षण कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया था.
आरोप है कि वार्ड संख्या 24 के कनीय अभियंता ने कारगिल चौक से प्रेम पुल के बीच सड़क पर होने वाले जलजमाव को लेकर निर्धारित समय सीमा में रिपोर्ट नहीं सौंपी.
जुलूस के दौरान लोगों को हुई परेशानी
पत्र में इस लापरवाही को बोर्ड के निर्णय की अवहेलना, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और सरकारी कार्य के निर्वहन में घोर लापरवाही बताया गया है.
मुख्य पार्षद के अनुसार ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर जुलूस के दौरान उक्त सड़क से बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन हुआ. जलजमाव के कारण आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी. इसको लेकर लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी नाराजगी जतायी.
तत्काल निरीक्षण और कार्रवाई की मांग
मुख्य पार्षद इंद्रदेव पासवान ने जलजमाव वाले स्थल का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है. साथ ही की गयी कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है.
क्लिक कीजिये और जानिए किशनगंज में आज के मौसम का हाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए