ePaper

मथुरापुर नवटोलिया में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रोंदा, मौत

Updated at : 27 Feb 2026 8:17 PM (IST)
विज्ञापन
मथुरापुर नवटोलिया में अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को रोंदा, मौत

नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर नवटोलिया में अनियंत्रित बालू लोड ट्रक ने बाइक सवार दो युवक को रौंद दिया, जिसके कारण एक युवक की घटना स्थल पर मौत हो गयी.

विज्ञापन

खगड़िया. नगर थाना क्षेत्र के मथुरापुर नवटोलिया में अनियंत्रित बालू लोड ट्रक ने बाइक सवार दो युवक को रौंद दिया, जिसके कारण एक युवक की घटना स्थल पर मौत हो गयी. वहीं दूसरे युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार बाद पटना रेफर कर दिया गया, लेकिन पटना जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गयी. देर शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया. घटना शुक्रवार सुबह पांच बजे की बतायी जा रही है. बताया जाता है कि मथुरापुर नवटोलिया निवासी सुभाष कुमार के 27 वर्षीय पुत्र रविकांत कुमार व नवटोलिया निवासी शिपिन चौरसिया के 28 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार एक ही बाइक से खगड़िया-अलौली पथ पर नवटोलिया के समीप जा रहे थे. इसी दौरान अनियंत्रित बालू लोड ट्रक ने रौंद दिया. जिसके कारण रविकांत की मौत घटना स्थल पर हो गयी, जबकि सुजीत कुमार को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. बेहतर इलाज के लिए पटना जाने के दौरान रास्ते में सुजीत की मौत हो गयी. शुक्रवार की शाम शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए अपर थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार, एएसआइ तारकेश्वर सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अरुण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सफत खातून दल बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे. जहां पोस्टमार्टम करने की प्रक्रिया अपनायी जा रही है. अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा.

मुआवजे की मांग को लेकर चार घंटे तक मथुरापुर के समीप सड़क रहा जाम

अनियंत्रित ट्रक से दो युवक को रौंदने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये. आक्रोशित लोगों ने अनियंत्रित ट्रक को पकड़ लिया, जबकि चालक को पकड़ कर मारपीट की गयी. मारपीट में ट्रक चालक बुरी तरह जख्मी हो गया. जख्मी ट्रक चालक ओलापुर गंगौर निवासी श्रीराम का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया. बताया जाता है कि आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई कर दी. पुलिस बल के पहुंचने पर चालक को सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस ने चालक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चालक का इलाज चल रहा है. इस दौरान लोगों ने मथुरापुर के समीप सड़क जाम कर दिया. सड़क जाम करने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सड़क जाम लगभग चार घंटे तक रहा. आक्रोशित लोगों द्वारा अंचलाधिकारी को बुलाने के बाद जाम हटाने की बात कही गयी. अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार द्वारा सीओ को घर पर से बुलाकर घटना स्थल पर लाया गया. सीओ ने आक्रोशित लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि दी जाएगी. स्थानीय लोगों ने मथुरापुर के समीप लगे पेड़ व सिमेंट का पोल हटाने की मांग की. सीओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही पोल हटाने की कार्रवाई की जाएगी. लोगों ने कहा कि विद्युत पोल के कारण लगातार घटनाएं हो रही है.

विज्ञापन
RAJKISHORE SINGH

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन