सात दिवसीय श्रीमदभागवत कथा को लेकर निकाली गयी कलश शोभायात्रा
501 कन्याओं की कलशयात्रा से गूंजा इलाका
501 कन्याओं की कलशयात्रा से गूंजा इलाका परबत्ता. प्रखंड अंतर्गत कोलवारा गांव के शिव मंदिर प्रांगण में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ को लेकर भव्य कलशयात्रा निकाली गई. इस दौरान पूरा गांव में “हरि नाम” और “राधे-राधे” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा. कलशयात्रा में 501 कुंवारी कन्याओं ने अगुवानी गंगा घाट पहुंचकर पवित्र स्नान किया और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद माथे पर कलश रख पैदल यात्रा प्रारंभ की. पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याओं की लंबी कतार जब गांव की सड़कों से गुजरी तो दृश्य अत्यंत मनमोहक और भावविभोर करने वाला था. श्रद्धालु घरों की छतों और दरवाजों से पुष्पवर्षा कर स्वागत करते नजर आए. आयोजन समिति के अनुसार 1 मार्च से 7 मार्च तक प्रतिदिन श्रीमद्भागवत कथा का प्रवचन होगा. कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथावाचक पंडित राघवेंद्र शास्त्री महाराज के श्रीमुख से किया जाएगा. उनके आगमन से श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. कथा प्रतिदिन दोपहर से संध्या तक चलेगी, जिसमें धर्म, कर्म और भक्ति के विभिन्न प्रसंगों पर प्रकाश डाला जाएगा. आयोजन में शामिल प्रमुख रीता कुमारी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ते हैं. ग्रामीण सुचित कुमार, अतुल कुमार, उपमुखिया आदित्य कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि बबलू मंडल, आशुतोष कुमार प्रीतम, संतोष चौधरी ने बताया कि पूरे गांव के सहयोग से यह भव्य आयोजन संभव हो पाया है. ग्रामीणों का मानना है कि सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि का संचार होगा. आयोजन को लेकर गांव में उत्सव जैसा माहौल है और प्रतिदिन भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए