कागजों पर बन गई 15 लाख की सड़क, जमीन पर ढूंढते रह गए SDO! खगड़िया के कोलवारा में महाघोटाले की खुली पोल
फोटो जांच के लिए पंहुचे अधिकारी | Prabhat Khabar Network
खगड़िया के कोलवारा में 15 लाख रुपये की पेवर ब्लॉक सड़क निर्माण योजना पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासनिक जांच में योजना स्थल पर निर्माण कार्य नदारद पाया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई संचिका की जांच के बाद होगी.
खगड़िया, परबत्ता. ग्राम पंचायत राज कोलवारा में वित्तीय अनियमितता और कथित भ्रष्टाचार से जुड़ा मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक जांच तेज हो गयी है. वित्तीय वर्ष 2022-23 में स्वीकृत पेवर ब्लॉक निर्माण योजना को लेकर मिली शिकायत के बाद गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार और प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार पंडित ने गुरुवार को स्थल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को योजना के तहत मौके पर पेवर ब्लॉक लगा हुआ नहीं मिला. अब संबंधित संचिका की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की तैयारी है.
आपके शहर में
14.85 लाख रुपये की योजना पर शिकायत
बताया गया कि पंचायत समिति क्षेत्र संख्या-13 में योजना संख्या 25/2022-23 के तहत हिमांशु प्रसाद मंडल के घर से ज्योति प्रकाश के घर तक पेवर ब्लॉक निर्माण के लिए 14 लाख 85 हजार 300 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी थी. इस योजना को लेकर पंचायत समिति सदस्य क्षेत्र संख्या-09 रोशन रजक ने एसडीओ को आवेदन देकर शिकायत की थी. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि योजना के नाम पर कागजों में निर्माण कार्य दिखाकर राशि की निकासी और भुगतान कर लिया गया, जबकि धरातल पर योजना के अनुरूप निर्माण कार्य नजर नहीं आता है.
शिकायत के बाद एसडीओ और बीडीओ ने किया स्थल निरीक्षण
शिकायत के आलोक में एसडीओ संजय कुमार और बीडीओ संतोष कुमार पंडित ने गुरुवार को संबंधित स्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने योजना में बताए गए स्थान पर निर्माण की स्थिति का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान मौके पर योजना के तहत लगाए गए पेवर ब्लॉक नहीं मिले. इसके बाद मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर जांच की प्रक्रिया तेज कर दी गयी है.
शिकायतकर्ता ने की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
पंचायत समिति सदस्य रोशन रजक ने एसडीओ को दिए आवेदन में मामले की निष्पक्ष जांच कराने, स्थलीय निरीक्षण करने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी.
अब स्थल निरीक्षण के बाद जांच का दायरा योजना से जुड़ी संचिका, स्वीकृति, भुगतान और कार्य की वास्तविक स्थिति तक पहुंचने की संभावना है.
संचिका की जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
गोगरी अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में योजना संख्या 25/2022-23 के तहत पंचायत समिति क्षेत्र संख्या-13 में हिमांशु प्रसाद मंडल के घर से ज्योति प्रकाश के घर तक पेवर ब्लॉक निर्माण की बात कही गयी थी. उन्होंने बताया कि स्थलीय निरीक्षण के दौरान मौके पर पेवर ब्लॉक दिखाई नहीं दिया. एसडीओ ने बीडीओ को संबंधित संचिका उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. संचिका के अवलोकन और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
अब जांच रिपोर्ट पर टिकी लोगों की नजर
14.85 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति वाली योजना के स्थल निरीक्षण में पेवर ब्लॉक नहीं मिलने के बाद अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं. यदि योजना की राशि का भुगतान हुआ है तो निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति क्या है और भुगतान किस आधार पर किया गया, इसका जवाब जांच के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल स्थानीय लोगों और शिकायतकर्ता की नजर प्रशासन की जांच रिपोर्ट और उसके आधार पर होने वाली संभावित कार्रवाई पर टिकी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए