कटिहार : कमला घाट में फिर डूबा युवक, सोनू की मौत से मोरसंडा में मचा कोहराम
घटना के बाद जमा लोगों की भीड़
फलका के मोरसंडा गांव स्थित कमला घाट पर एक बार फिर से जानलेवा हादसा हुआ है. रक्षाबंधन पर मामा के घर आए 22 वर्षीय युवक सोनू की नहाते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई. यह घटना 17 अगस्त को हुई सात बच्चों की मौत के हादसे के बाद हुई है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है.
फलका (कटिहार) : फलका थाना क्षेत्र के मोरसंडा गांव स्थित बरंडी नदी के कमला घाट पर शनिवार सुबह स्नान करने के दौरान गहरे पानी में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान भवानीपुर थाना क्षेत्र के सिंघयान निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है. सोनू मोरसंडा निवासी भिखारी शर्मा का भांजा था. रक्षाबंधन पर मामा के घर आये सोनू की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में कोहराम मच गया.
आपके शहर में
स्नान करने गया था सोनू, गहरे पानी में समाया
बताया जाता है कि सोनू कुमार रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मामा के घर मोरसंडा आया था. शनिवार सुबह वह बरंडी नदी के कमला घाट पर स्नान करने गया. इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा.
आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया. इसके बाद मोरसंडा निवासी परवेज आलम ने साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगायी और काफी प्रयास के बाद सोनू को बाहर निकाला. हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
17 अगस्त के हादसे का दर्द अभी ताजा
कमला घाट पर लगातार हो रही डूबने की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता और आक्रोश बढ़ा दिया है. 17 अगस्त को अंतिम सोमवारी के दिन इसी घाट पर सात बच्चे नदी में डूब गये थे. इनमें तीन बच्चों की मौत हो गयी थी, जबकि अन्य बच्चों को स्थानीय लोगों ने बचा लिया था.
उस घटना में भी परवेज आलम ने साहस दिखाते हुए तीन बच्चों को डूबने से बचाया था. अब महज कुछ दिनों बाद इसी घाट पर एक और युवक की मौत ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं.
ग्रामीणों में उठ रहा सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि 17 अगस्त की घटना का दर्द अभी कम भी नहीं हुआ था कि कमला घाट पर एक और हादसा हो गया. लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है.
ग्रामीणों के बीच अब सवाल उठ रहा है कि बरंडी नदी का कमला घाट आखिर और कितनी जान लेगा? लोगों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत जतायी है.
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुखिया अजहरुद्दीन उर्फ राजू नायक ने प्रशासन को जानकारी दी. सूचना पर फलका थानाध्यक्ष प्रहलाद यादव और राजस्व कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और परिजनों से घटना की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है.
सोनू की मौत से उसके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. रक्षाबंधन पर मामा के घर पहुंचे युवक की अचानक मौत से पूरे मोरसंडा गांव में मातम पसरा हुआ है.
यह भी पढ़ें : अमदाबाद में बाढ़ का कहर, मुख्य सड़क पर 3 फीट पानी : तीन पंचायतों का संपर्क ठप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए