बारसोई में राशन कार्ड अभियान तेज, हर डीलर को 300 आवेदन जुटाने का लक्ष्य

बारसोई प्रखंड सभागार में राशन कार्ड निर्माण एवं नाम जोड़ने को लेकर पीडीएस विक्रेताओं की बैठक को संबोधित करते एसडीओ राजू कुमार.
बारसोई प्रखंड कार्यालय में पीडीएस विक्रेताओं की बैठक आयोजित की गई. सभी डीलरों को पात्र परिवारों के नए राशन कार्ड बनाने और पुराने में सदस्यों को जोड़ने का निर्देश दिया गया. प्रत्येक डीलर को एक महीने में 300 आवेदन जुटाने का लक्ष्य मिला है.
कटिहार : राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत वंचित पात्र परिवारों को राशन कार्ड का लाभ दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को बारसोई प्रखंड कार्यालय सभागार में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) राजू कुमार की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की बैठक हुई. बैठक में सभी डीलरों को अपने-अपने क्षेत्र में पात्र लाभुकों की पहचान कर नए राशन कार्ड बनवाने और पुराने राशन कार्ड में छूटे सदस्यों का नाम जोड़ने का निर्देश दिया गया.
हर डीलर को 300 आवेदन जुटाने का लक्ष्य
बैठक में बीडीओ चंदन प्रसाद, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सृजन श्रीवास्तव सहित सभी पीडीएस विक्रेता मौजूद रहे.
एसडीओ राजू कुमार ने बताया कि प्रत्येक पीडीएस विक्रेता को एक माह के भीतर कम से कम 300 पात्र लाभुकों के आवेदन प्राप्त करने का लक्ष्य दिया गया है. पूरे बारसोई प्रखंड में 30 हजार से 45 हजार पात्र लाभुकों को राशन कार्ड योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए. अभियान में लापरवाही बरतने वाले डीलरों और संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Smart PDS 2.0 पोर्टल से होगी आवेदन प्रक्रिया
एसडीओ ने बताया कि राशन कार्ड से जुड़ी सभी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने के लिए बिहार में Smart PDS 2.0 पोर्टल शुरू किया गया है. अब नए राशन कार्ड, परिवार के सदस्य का नाम जोड़ने सहित अन्य सेवाओं के लिए इसी पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया जाएगा. नागरिक आधार आधारित सत्यापन के बाद आवेदन कर सकेंगे. इस पोर्टल पर आवेदन की स्थिति देखने सहित अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी.
आवश्यक दस्तावेजों की दी जानकारी
बैठक में नए राशन कार्ड एवं पुराने राशन कार्ड में नाम जोड़ने के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी दी गई. इनमें आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की छायाप्रति, परिवार का सामूहिक फोटो और सक्रिय मोबाइल नंबर शामिल हैं.
एसडीओ ने सभी पीडीएस डीलरों को अपने पंचायत क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर पात्र परिवारों के आवेदन समय पर जमा कराने का निर्देश दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By अरविंद गुप्ता
अरविंद गुप्ता को पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्ष 2012 से लगातार कार्य कार्यरत हैं. वर्तमान में कटिहार जिले के बारसोई से समाचार संकलन का कार्य कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










