ePaper

आहार 2026 में भारत मंडपम में मखाने का होगा वैश्विक प्रदर्शन

Updated at : 02 Mar 2026 7:16 PM (IST)
विज्ञापन
आहार 2026 में भारत मंडपम में मखाने का होगा वैश्विक प्रदर्शन

आहार 2026 में भारत मंडपम में मखाने का होगा वैश्विक प्रदर्शन

विज्ञापन

कोढ़ा राजधानी नई दिल्ली के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में 10 से 14 मार्च तक आयोजित होने वाले एशिया के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय खाद्य मेले आहार 2026 में इस बार बिहार के कटिहार जिले की विशेष पहचान बनेगी. भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में विश्व के लगभग 30 देशों के प्रतिनिधि, खरीदार और कारोबारी भाग ले रहे हैं. ऐसे वैश्विक मंच पर कटिहार के चरखी स्थित नेशनल मखाना उद्योग और मोसो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर जिले का मान बढ़ायेंगे. यह जिला और राज्य के लिए गर्व का विषय है कि पहली बार ये दोनों प्रमुख कंपनियां एक साथ इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने उत्पादों का प्रदर्शन करने जा रही हैं. नेशनल मखाना उद्योग को भारत सरकार के खाद्य प्रसंस्करण एवं उद्योग मंत्रालय के पवेलियन में स्थान मिला है. मोसो इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड एपिडा पवेलियन में अपने स्टॉल के माध्यम से विदेशी खरीदारों से सीधे संवाद करेगी.मोसो फूड्स इस बार विशेष आकर्षण का केंद्र रहने वाली है. कंपनी आधुनिक तकनीक और प्रीमियम वैश्विक ब्रांडिंग के साथ मखाने को नए स्वरूप में प्रस्तुत कर रही है. निर्यात क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुकी मोसो फूड्स का लक्ष्य इस प्रदर्शनी के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए व्यापारिक समझौतों को अंतिम रूप देना है.कंपनी के संस्थापक गुलफराज ने बताया कि कटिहार मखाना उत्पादन के मामले में विश्व स्तर पर अग्रणी स्थान रखता है. इसी सामर्थ्य को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के लिए पूरी तैयारी की गई है. प्रदर्शनी में उच्च गुणवत्ता वाले कच्चे मखाने के साथ-साथ विभिन्न फ्लेवर में तैयार रोस्टेड मखाना, पारंपरिक स्वाद वाली मखाना खीर और मखाना पाउडर जैसे उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जायेगा. कहा कि नेशनल मखाना उद्योग और मोसो फूड्स का संयुक्त प्रयास केवल व्यापारिक विस्तार तक सीमित नहीं है. बल्कि इसका उद्देश्य मखाने की पौष्टिकता और गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करना भी है. इस पहल से स्थानीय किसानों, कारीगरों और मखाना उद्योग से जुड़े श्रमिकों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर सृजित होंगे. आहार 2026 में कटिहार की यह भागीदारी न केवल जिले के उद्योग जगत के लिए ऐतिहासिक कदम है. बल्कि यह बिहार के कृषि-आधारित उत्पादों की वैश्विक पहचान को भी मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन