पानी में डूबता घर, टूटती उम्मीदें... फिर नए सिरे से शुरू होती है जिंदगी, अमदाबाद के गरीबों की हर साल यही कहानी

Updated:
विज्ञापन

नाव से आवागमन करते लोग | Prabhat Khabar Network

कटिहार के अमदाबाद में हर साल आने वाली बाढ़ से गरीबों के घर उजड़ रहे हैं। लोग पलायन और बीमारी से जूझने को मजबूर हैं। प्रशासन की व्यवस्था पर उठे सवाल।

विज्ञापन

अमदाबाद : अमदाबाद प्रखंड क्षेत्र में हर साल आने वाली बाढ़ गरीब परिवारों के लिए बड़ी मुसीबत बनकर आती है. बाढ़ का पानी घर-आंगन में घुसते ही कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचाने लगता है. दीवारें कमजोर पड़ जाती हैं और कई घर गिरने की स्थिति में पहुंच जाते हैं. ऐसे में परिवारों को अपना आशियाना छोड़कर ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ता है.

आपके शहर में

विज्ञापन

बाढ़ की सबसे ज्यादा मार गरीब और मजदूर परिवारों पर पड़ती है. घर में पानी घुसने के कारण चूल्हा जलाना मुश्किल हो जाता है. कई परिवार मुढ़ी, चूड़ा और गुड़ जैसे सूखे भोजन के सहारे दिन गुजारते हैं. जिन परिवारों की रोज की कमाई से घर का चूल्हा जलता है, उनके लिए बाढ़ के दिनों में रोजगार बंद होने से भरण-पोषण की समस्या और बढ़ जाती है.

फसल बर्बाद, मवेशियों के चारे का संकट

बाढ़ का पानी खेतों में फैलने से धान समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचता है. किसानों की महीनों की मेहनत पानी में डूब जाती है. वहीं मवेशियों के लिए हरे चारे की कमी हो जाती है. परिवारों के सामने अपने साथ-साथ पशुओं को सुरक्षित रखने की चुनौती भी खड़ी हो जाती है.

शुद्ध पेयजल और इलाज की बड़ी समस्या

बाढ़ के दौरान शुद्ध पेयजल की समस्या भी गंभीर हो जाती है. चारों तरफ गंदा पानी फैल जाने से ग्रामीणों को साफ पानी के लिए परेशान होना पड़ता है. ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से पर्याप्त शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं हो पाती है. दूषित पानी के इस्तेमाल से बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है.

बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना भी आसान नहीं रहता. कई जगह सड़कें बाढ़ के पानी में डूब जाने के कारण मरीजों को नाव के सहारे अस्पताल ले जाना पड़ता है. वहीं कई मुख्य मार्गों पर पानी भर जाने से रोजमर्रा का आवागमन भी प्रभावित होता है.

हर साल राहत, लेकिन स्थायी समाधान का इंतजार

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाढ़ हर साल आती है और हर बार गरीब परिवारों को घर, फसल और रोजगार के नुकसान का सामना करना पड़ता है. बाढ़ उतरने के बाद भी टूटे घरों और बर्बाद फसलों के साथ जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाना बड़ी चुनौती होती है.

ग्रामीणों ने बाढ़ के समय पर्याप्त नाव, शुद्ध पेयजल, भोजन और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ बाढ़ से स्थायी बचाव की व्यवस्था करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि हर साल राहत देने के बजाय ऐसी ठोस व्यवस्था जरूरी है, जिससे बाढ़ के दौरान गरीब परिवारों को अपना घर और गांव छोड़कर पलायन न करना पड़े.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन