कुदरा में ट्रक व बस में भीषण टक्कर, तीन की मौत, चार घायल

एनएच-19 पर नसेज गुमटी के पास डिवाइडर फांदकर दूसरे लेन में जाकर मारी टक्कर
एनएच-19 पर नसेज गुमटी के पास डिवाइडर फांदकर दूसरे लेन में जाकर मारी टक्कर गिट्टी लदे ट्रेलर के रॉन्ग साइड से बस में टक्कर मारने से स्लीपर में सो रहे यात्री बने निशाना जमशेदपुर से वाराणसी जा रही बस में सवार थे 75 यात्री, ट्रक जब्त, चालक फरार बाल-बाल बचे दर्जनों यात्री, मृतकों में वाराणसी व आंबेडकर नगर के रहनेवाले पुलिस ने शवों को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा भभुआ कुदरा. स्थानीय थाना क्षेत्र में एनएच-19 पर नसेज गुमटी के पास रविवार की अहले सुबह एक यात्री बस और ट्रक की भीषण टक्कर में एक नौ वर्षीय किशोरी सहित तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि चार लोग घायल हो गये. सभी घायलों का इलाज अस्पताल में किया गया. मृतकों में वाराणसी के चितईपुर निवासी दीपक पटेल की नौ वर्षीय पुत्री दीक्षिता कुमारी, वाराणसी के भूलनपुर रोहनिया निवासी अरुण कुमार शर्मा की 45 वर्षीय पत्नी आभा रानी व वाराणसी आंबेडकर नगर के साहिरा जलालपुर निवासी 55 वर्षीय विजय कुमार सिंह शामिल हैं. जबकि, घायलों में पश्चिम बंगाल निवासी सोनम सरकार व प्रीति सरकार, पटना निवासी श्नेहा व रांची निवासी सुधी मोती शामिल है. इधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया. जानकारी के अनुसार, यात्री बस झारखंड के जमशेदपुर से वाराणसी जा रही थी. बस में करीब 70 से 75 यात्री सवार थे. रविवार की अहले सुबह यात्री बस कुदरा थाना क्षेत्र में पहुंची, जहां एक होटल पर यात्रियों के चाय पीने के बाद करीब तीन किलोमीटर आगे बढ़ी ही थी, तभी वाराणसी की तरफ से आ रहा गिट्टी लोड टेलर दूसरे लेन से डिवाइडर पार कर बस की तरफ वाले लेन में आ गया और बस में एक तरफ से जाेरदार टक्कर मार दी. इसमें स्लीपर में सोये तीन यात्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि चार लोग घायल हो गये. इधर दुर्घटना के सूचना मिलने पर एनएचएआइ की टीम व कुदरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जहां बस में फंसे मृतकों के शव को अथक प्रयास के बाद बाहर निकाला गया, जिसके बाद पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया. # सभी यात्री थे नींद में, एकाएक हुई तेज आवाज कुदरा के नसेज गुमटी के समीप यात्री बस व गिट्टी लदे टेलर में हुई टक्कर के दौरान काफी तेज आवाज हुई, उस समय बस के कई यात्री गहरी नींद में थे. टक्कर होते ही तेज आवाज के साथ चीख पुकार मच गयी. बताया जाता है की एकाएक डिवाइडर क्राॅस कर जैसे ही टेलर दूसरे लेन में पहुंचा, सासाराम की तरफ से मोहनिया की ओर आ रही बस के उत्तरी किनारे टक्कर मारते हुए टेलर आगे बढ़ गया, जिससे बस के ऊपरी हिस्से में स्लीपर में सोये लोग निशाना बने और तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. इसमे कई लोगों के शरीर का अंग भी कट कर अलग हो गया था. ऐसे में दक्षिणी किनारे बैठे लोग बाल-बाल बच गये. लोगों की माने यदि टक्कर सामने या पीछे से होती, तो काफी ज्यादा नुकसान हो सकता था. # दूसरे वाहन से वाराणसी गये बचे यात्री कुदरा थाना के एनएच-19 पर नसेज गांव के समीप रविवार की अहले सुबह हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बचे लोगों को बस मालिक द्वारा क्रूजर वाहन की व्यवस्था कर वाराणसी के लिए भेजा गया. वहीं, इस दुर्घटना में बचे लोगों ने कहा कि भगवान का शुक्र है कि बाल-बाल बच गये. # क्या कहते हैं थानाध्यक्ष कुदरा थानाध्यक्ष नंदू कुमार ने बताया ट्रक ने राॅन्ग साइड से आकर बस में टक्कर मार दी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गयी. ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेजा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




