कटराकला में चोरों का आतंक, धान के बाद अब ट्रैक्टर-ट्राॅली ले भागे चोर

प्रखंड के पूर्वी भाग में अवस्थित पंचायत मुख्यालय कटराकला में चोरों का आतंक लोगों के सिर चढ़कर बोलने लगा है.
तीन घटनाओं में प्राथमिकी के बावजूद पुलिस को नहीं मिली सफलता क्राइम ब्रांच की टीम भी चोरों तक पहुंचने में रही विफल मोहनिया सदर. प्रखंड के पूर्वी भाग में अवस्थित पंचायत मुख्यालय कटराकला में चोरों का आतंक लोगों के सिर चढ़कर बोलने लगा है. बेखौफ चोरों ने धान चोरी के बाद अब ट्रैक्टर ट्रॉली की चोरी भी शुरू कर दी है. चोरों के आतंक से ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ गयी है और लोग दहशत के साये में रात गुजार रहे हैं. सबसे दुखद बात यह है कि जिनके कंधों पर लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही पुलिस चोरों के सामने लाचार नजर आ रही है और घटनाओं का उद्भेदन करने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है. चोरी की इन तीनों घटनाओं में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद पुलिस को अब तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी है. जबकि, यह मामला सिर्फ स्थानीय थाना तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसकी जानकारी पुलिस के वरीय पदाधिकारियों को भी है, इसके बावजूद चोरों पर नकेल कसने में पुलिस पूरी तरह विफल दिख रही है. 10 दिनों के अंदर कटराकला में धान चोरी की दूसरी घटना के बाद पुलिस के वरीय पदाधिकारी हरकत में आये और 28 दिसंबर 2025 को क्राइम ब्रांच की तीन सदस्यीय टीम कटराकला पहुंची. टीम ने पीड़ित निर्मल चौबे व दुर्गेश राय के घर पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की व पूछताछ भी की. इससे ग्रामीणों में यह आस जगी कि अब पुलिस जल्द ही चोरों तक पहुंच जायेगी और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगी. लेकिन इसके ठीक विपरीत हालात देखने को मिल रहे हैं. अनुसंधान को लेकर आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित क्राइम ब्रांच की टीम भी चोरी की घटनाओं में अब तक कुछ खास नहीं कर सकी है. इसका नतीजा यह रहा कि बेखौफ चोरों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए धान चोरी के बाद अब ट्रैक्टर, ट्रॉली सहित अन्य वाहनों की चोरी की घटनाओं को भी धड़ल्ले से अंजाम देना शुरू कर दिया है. इससे ग्रामीणों में आक्रोश के साथ-साथ भय का माहौल गहराता जा रहा है. इधर, इस संबंध में थानाध्यक्ष से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन उनका सरकारी मोबाइल नंबर लगातार कवरेज क्षेत्र से बाहर बता रहा था. # केस नंबर 01 # 17 दिसंबर 2025 की रात निर्मल चौबे के घर के बाहर रखे धान में से करीब 09 क्विंटल धान चोरों ने चुरा लिया, सुबह जानकारी हुई तो पीड़ित ने इस घटना की जानकारी 112 नंबर मोबाइल पुलिस को दी. पुलिस घटनास्थल पर पहुंची जांच की गयी, इस मामले में एफआइआर भी दर्ज हुई, लेकिन पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है. जबकि, निर्मल चौबे धान बेचकर अपनी पुत्री की शादी करने की तैयारी कर रहे थे. उस धान की फसल को चोर चुरा ले गये, अब उस पिता पर क्या बीत रही होगी. # केस नंबर 02 # पुलिस निर्मल चौबे के दरवाजे से धान की चोरी में लकीर ही पीट रही थी कि 26 दिसंबर की रात कटराकला के पैक्स अध्यक्ष दुर्गेश राय के अहाते से उनकी धान की फसल चहारदीवारी लांघकर चोर चुरा ले गये. चोरी पांच क्विंटल धान की हुई. चोरी के इस मामले में पैक्स अध्यक्ष ने स्थानीय थाने में अज्ञात लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करायी, लेकिन आज तक पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी. इसका नतीजा है कि बेखौफ चोर पुलिस को खुली चुनौती देते हुए लगातार चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. # केस नंबर 03 # कटराकला के ओमप्रकाश तिवारी अपनी धान की फसल को सड़क किनारे खलिहान में रखे थे कि चालू माह की 05 जनवरी की रात चोरों ने रखे गये धान की फसल में से तीन क्विंटल धान की चोरी कर ली. सुबह पीड़ित ने मोबाइल पुलिस को सूचना दी. 112 नंबर पुलिस काफी देर बाद पहुंची और घटना स्थल का मोबाइल से वीडियो बना थाने में आवेदन देने की बात कह चलती बनी. इस मामले में भी ओमप्रकाश तिवारी ने थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी, लेकिन आज तक चोरों की गिरेबान तक पुलिस के हाथ नही पहुंच सके हैं. # केस नंबर 04 # 28 जनवरी 2026 की रात कटराकला में अवस्थित मां कामाख्या मंदिर के पास खड़े महिंद्रा 265 ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 45 जी 9970 व ट्रॉली की चोरी कर ली गयी. इस मामले में ट्रैक्टर मालिक कुदरा थाना क्षेत्र के कैथियां गांव निवासी मंटू राम ने मोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पीड़ित ने बताया कि एक माह से उनका ट्रैक्टर कटराकला के सुभाष राम चलाते थे, रोज की तरह ट्रैक्टर से कार्य करने के बाद 28 जनवरी की शाम वे कामाख्या मंदिर के पास ट्रैक्टर ट्राॅली खड़ा कर अपने घर चले गये. लेकिन, रात में चोर ट्रैक्टर और ट्राली लेकर फरार हो गये.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




