कैमूर: अधौरा में आकाशीय बिजली का कहर, कुएं पर नहाने गई 15 वर्षीय छात्रा की झुलसकर मौत

Updated:
विज्ञापन

AI से बनाई गई तस्वीर

बिहार के अधौरा में कुएं पर नहाने गई 15 वर्षीय छात्रा की आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

विज्ञापन

Kaimur News : अधौरा थाना क्षेत्र की आथन पंचायत अंतर्गत दुग्घा गांव में रविवार दोपहर मौसम की मार ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. आकाशीय बिजली गिरने से 15 वर्षीय छात्रा सानिया कुमारी की मौत हो गयी. मृतका दुग्घा गांव निवासी रामनरेश उरांव की पुत्री थी और नयका डीह स्थित जेम्स विद्यालय में कक्षा आठवीं में पढ़ती थी. हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसरा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

तीन सहेलियों के साथ कुएं पर नहाने गयी थी सानिया

जानकारी के अनुसार, सानिया कुमारी रविवार दोपहर अपनी तीन सहेलियों के साथ गांव से दक्षिण दिशा में स्थित कुएं पर स्नान करने गयी थी. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया. तेज बारिश के साथ आसमान में जोरदार गर्जन होने लगा. इसी बीच कुएं के पास आकाशीय बिजली गिर गयी, जिसकी चपेट में आने से सानिया गंभीर रूप से झुलस गयी और मौके पर ही मूर्छित होकर गिर पड़ी.

सहेलियों के शोर पर दौड़े ग्रामीण

हादसे के बाद सानिया के साथ गयी अन्य छात्राओं ने शोर मचाकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग आनन-फानन में कुएं के पास पहुंचे. ग्रामीणों ने तत्काल सानिया को बाइक से अधौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सक डॉ. अनीश ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलते ही अधौरा थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची. एसआई रूपलाल बैठा एवं शैलेंद्र कुमार ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की. इसके बाद छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.

चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी सानिया

सानिया की अचानक मौत से उसके माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया कि रामनरेश उरांव के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं. सानिया चारों भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी. पढ़ाई कर रही छात्रा की असमय मौत से परिवार के साथ पूरे गांव में शोक की लहर है.

आपदा के तहत मुआवजे की मांग

घटना के बाद उप प्रमुख संजय उरांव एवं ग्रामीण जितेंद्र उरांव ने पीड़ित परिवार का सहयोग किया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया. ग्रामीणों ने प्रशासन से आपदा के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि इस दुख की घड़ी में प्रशासन को परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध करानी चाहिए.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन