सावन की आखिरी सोमवारी पर कैमूर के महामंडलेश्वर धाम में भारी भीड़, लगभग सवा लाख भक्तों ने किया जलाभिषेक

Updated:
विज्ञापन

महामंडलेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब | Prabhat Khabar Network

सावन की आखिरी सोमवारी पर महामंडलेश्वर धाम में सवा लाख से अधिक शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

विज्ञापन

Sawan 2026 : सावन मास की आखिरी सोमवारी पर महामंडलेश्वर धाम सह मुंडेश्वरी धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. धार्मिक न्यास के अनुसार, सोमवार दोपहर तीन बजे तक करीब सवा लाख शिवभक्त मंदिर के गर्भगृह में स्थापित महामंडलेश्वर पंचमुखी महादेव के ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक कर चुके थे. इसके बाद भी महामंडलेश्वर स्वामी, माता मुंडेश्वरी और भगवान श्री गणेश के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही.

आपके शहर में

विज्ञापन

कांवर और जल लेकर सुबह से कतार में खड़े रहे श्रद्धालु

मंदिर का पट खुलने से पहले ही सैकड़ों श्रद्धालु कांवर और जल लेकर कतार में खड़े हो गये थे. नियमित पूजा-पाठ और आरती के बाद महामंडलेश्वर का रुद्राभिषेक किया गया. इसके बाद श्रद्धालुओं के मंदिर में प्रवेश और जलाभिषेक का सिलसिला शुरू हुआ, जो लगातार जारी रहा.

मंदिर के मुख्य द्वार तक लगी लंबी कतार

श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक रही कि धाम परिसर के मुख्य द्वार से मंदिर के मुख्य द्वार तक लंबी कतार लगी रही. पूरा धाम परिसर श्रद्धालुओं की आवाजाही से खचाखच भरा रहा. वहीं, धाम पहाड़ी के निचले हिस्से में स्थित बाजार भी पूरी तरह गुलजार रहा.

पूजा सामग्री और मिठाई दुकानदारों की जमकर हुई बिक्री

भक्तों की भारी भीड़ का असर स्थानीय बाजार पर भी दिखा. पूजा सामग्री की दुकानों, मिष्ठान भंडार और फल दुकानों पर जमकर बिक्री हुई. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से दुकानदारों के चेहरे भी खिले रहे.

चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर रहा प्रतिबंध

धार्मिक न्यास की गाइडलाइन के अनुसार धाम में चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा. सुरक्षा व्यवस्था के लिए धाम, धाम परिसर और पहाड़ी के निर्धारित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और न्यास कर्मियों की तैनाती की गयी थी.

डीएम-एसपी ने लिया व्यवस्था का जायजा

जिले के नये डीएम कुमार अनुराग और एसपी शिखर चौधरी कई जिला और अनुमंडल स्तरीय अधिकारियों के साथ धाम पहुंचे. अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया. इस दौरान अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये गये.

शाम तक डेढ़ लाख के पार पहुंच सकती है भीड़

खबर लिखे जाने तक आम श्रद्धालुओं और कांवरियों के धाम पहुंचने का सिलसिला जारी था. अनुमान लगाया जा रहा था कि संध्या आरती तक श्रद्धालुओं की संख्या डेढ़ लाख के पार पहुंच सकती है. कई शिवभक्तों ने न्यास कार्यालय में अग्रिम बुकिंग कराकर महामंडलेश्वर प्रभु का रुद्राभिषेक भी कराया.

फोन पर व्यवस्था की जानकारी लेते रहे न्यास सचिव

धार्मिक न्यास के सचिव अशोक कुमार सिंह पूरे दिन फोन के माध्यम से न्यास कर्मियों और पदाधिकारियों से सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते रहे. उन्होंने अधीनस्थ कर्मियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश भी दिये.

महामंडलेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब  | Prabhat Khabar Network
महामंडलेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब | Prabhat Khabar Network
महामंडलेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब  | Prabhat Khabar Network
महामंडलेश्वर धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन