होली के रंग में रंगने की होने लगी तैयारी, मात्र आठ दिन शेष
Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 23 Feb 2026 3:27 PM
जिले सहित ग्रामीण अंचल के गांवों में होली का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है.
पुलिस प्रशासन अलर्ट, 10 मिनट में सूचना कवर करने की रणनीति भभुआ सदर. जिले सहित ग्रामीण अंचल के गांवों में होली का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है. कैमूर जिले में भी होली की तैयारी शुरू हो गयी है. गौरतलब है कि इस बार ग्रह-नक्षत्र व तीन मार्च को लगने वाले चंद्रग्रहण के चलते होलिका दहन दो मार्च को देर रात व होली का पर्व एक दिन बाद चार मार्च को मनाया जायेगा. ऐसे में शहर व ग्रामीण अंचल के गांवों में तैयारी अभी से शुरू हो गयी है. होली में रंगों का विशेष महत्व होता है व यह पर्व गिले शिकवे भुलाकर आपसी भाईचारे का संदेश देता है. बाजार में भी होली के नजदीक होने के चलते रौनक नजर आने लगी है. खासतौर पर रेडीमेड कपड़ों का बाजार लग्न के बाद एक बार फिर अपने रंग में लौटने लगा है. सदर अस्पताल में सामान्य रोग के चिकित्सक डॉ विनय कुमार तिवारी का कहना है कि मौसम में अभी भी परिवर्तन का दौर जारी है व सुबह-शाम गुलाबी ठंड का असर बना हुआ है. ऐसे में पानी वाले रंग का स्वस्थ शरीर पर प्रतिकूल असर पड़ेगा. बेहतर होगा कि लोग सूखे रंगों का ही प्रयोग करें व उसमें भी हरे रंग के प्रयोग से बचें. पुलिस प्रशासन की ओर से रहेगा सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम भभुआ सदर. आठ दिन बाद मनाये जाने वाले होली महापर्व को लेकर इस बार पुलिस व जिला प्रशासन की ओर से माहौल न बिगड़े इसके लिए पुख्ता इंतजाम किये जा रहे हैं. जिले के पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ल ने असामाजिक तत्वों द्वारा होली की फिजा खराब न हो इसके लिए पुलिस प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है. बेहतर संचार व्यवस्था के जरिये प्रत्येक सूचना को दस मिनट में कवर करने की रणनीति बनायी गयी है. इसके लिए पुलिस की दर्जनों टीमें जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण करती रहेंगी. गौरतलब है कि जारी रमजान के महीने में होली के पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रखना चाहती है. सुरक्षा के लिए सभी थाना प्रभारियों को शांति व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिये गये हैं. वहीं जिले के विभिन्न थानों के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती अभी से कर दी गयी है. पुलिस जवानों की ओर से अतिरिक्त गश्त की भी व्यवस्था रहेगी व असामाजिक तत्वों, मनचलों व हुड़दंगियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










