कैमूर में मिट्टी लदा ओवरलोड हाइवा नहर में पलटा, भारत माला निर्माण के वाहनों से लोग परेशान; कीचड़ से सड़क बनी दलदल

कैमूर में रविवार को भारत माला एक्सप्रेस-वे निर्माण स्थल से ओवरलोड मिट्टी ला रहा एक हाइवा अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया. चालक-खलासी ने कूदकर जान बचाई. ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी की लापरवाही पर जताई नाराजगी.
Kaimur Hyva Truck Overturns in Canal : कैमूर के रामपुर प्रखंड क्षेत्र के कर्मा वितरणी नहर मुख्य सड़क पर रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया. पसाई गांव के दक्षिण स्थित फाल के पास ओवरलोड मिट्टी से लदा एक हाइवा अनियंत्रित होकर नहर के पूर्वी चाट में पलट गया. हादसे के समय वाहन में भारी मात्रा में मिट्टी लदी हुई थी. हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में चालक और खलासी को किसी तरह की चोट नहीं आई.
पलटा हुआ हाइवा उत्तर प्रदेश नंबर UP 85/DT 0170 बताया जा रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो हाइवा आमने-सामने से साइड लेने की कोशिश कर रहे थे. इसी दौरान मिट्टी से ओवरलोड एक हाइवा चालक की तरफ झुक गया और देखते ही देखते सड़क किनारे नहर के चाट में पलट गया.
Kaimur News : खलासी वाले गेट से कूदकर चालक ने बचाई जान
हादसे के दौरान हाइवा चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान बचाई. चालक ने खलासी की तरफ वाले गेट से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गया. हाइवा चालक की पहचान सोनहन थाना क्षेत्र के मिव गांव निवासी अरुण राम के रूप में हुई है.
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी. सूचना मिलते ही बेलाव थाना की डायल 112 टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की फोटो और वीडियो तैयार की और वापस लौट गई.
बेलाव थानाध्यक्ष परमहंस कुमार ने बताया कि हाइवा पलटने की जानकारी मिली है. घटनास्थल पर डायल 112 की टीम गई थी. हादसे में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई है. इस मामले में अब तक किसी पक्ष की ओर से आवेदन नहीं दिया गया है.
भारत माला एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगा था हाइवा
जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हाइवा भारत माला एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य में लगी पेटी कॉन्ट्रेक्टर कंपनी एमएस इंफ्रा का बताया जा रहा है. कंपनी की ओर से नहर किनारे पीएनसी कंपनी के लिए मिट्टी ढुलाई का काम कराया जा रहा था.
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे हाइवा नियमों की अनदेखी कर ओवरलोड मिट्टी लेकर तेज रफ्तार से चलते हैं. इसके कारण आए दिन सड़क पर परेशानी बढ़ रही है. ग्रामीणों का कहना है कि वाहनों की तेज रफ्तार और अधिक वजन के कारण सड़क भी खराब हो रही है.
Bharat Mala Expressway Construction : सड़क पर जमा मिट्टी बनी परेशानी, आवागमन प्रभावित
हाइवा पलटने की घटना के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लगे वाहनों को लेकर नाराजगी जताई है. ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार देर रात हुई बारिश के बाद कर्मा वितरणी नहर पथ की स्थिति और खराब हो गई है.
निर्माण कार्य के दौरान हाइवा से गिरने वाली मिट्टी बारिश के पानी के साथ मिलकर सड़क पर दलदल में बदल गई है. पसाई, खजुरा, बिछिया, कुर्था, बिखपुरा समेत दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली यह सड़क पूरी तरह कीचड़ से भर गई है.
यह मार्ग प्रखंड मुख्यालय को भगवानपुर-मुंडेश्वरी सड़क और जिला मुख्यालय से जोड़ता है. लेकिन वर्तमान में सड़क पर इतना कीचड़ जमा है कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है.
स्कूली बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान
ग्रामीणों ने बताया कि पसाई गांव की पुलिया के पास स्थिति सबसे ज्यादा खराब है. यहां कीचड़ में बाइक का पहिया फिसलने से आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं. स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को इस रास्ते से गुजरने में काफी डर लग रहा है.
ग्रामीणों के अनुसार, पसाई और बिखपुरा के बीच भारत माला एक्सप्रेस-वे का पुल निर्माण कार्य चल रहा है. डायवर्सन के लिए डाली गई मिट्टी में करीब 40 से 50 फीट तक घुटने भर कीचड़ जमा हो गया है. स्थिति यह है कि कई जगहों पर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है.
ओवरलोडिंग रोकने और सड़क साफ कराने की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे हाइवा बिना तिरपाल लगाए ओवरलोड मिट्टी ढो रहे हैं. इससे सड़क पर धूल उड़ती है और बारिश के बाद वही मिट्टी कीचड़ का रूप ले लेती है.
ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी की ओर से सड़क पर गिरी मिट्टी की सफाई नहीं कराई जा रही है. इसके अलावा तेज रफ्तार से चलने वाले वाहनों से दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है. कीचड़ के कारण एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों के पहुंचने में भी परेशानी हो रही है.
ग्रामीणों ने पीएनसी कंपनी प्रबंधन और जिला प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाई जाए, सड़क पर जमा मिट्टी को तत्काल हटाया जाए और लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क जाम कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे. फिलहाल प्रशासन की ओर से मामले पर नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों की शिकायतों के समाधान की मांग तेज हो गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










