कैमूर : मोहनिया में महिला होमगार्ड गिरफ्तार, फर्जी हाजिरी बनाकर 25 दिन का वेतन दिलाने का आरोप
गिरफ्तार महिला होमगार्ड जवान | Prabhat Khabar Network
मोहनिया डीएसपी कार्यालय में तैनात महिला होमगार्ड को फर्जी हाजिरी लगाकर वेतन भुगतान कराने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मोहनिया डीएसपी कार्यालय में तैनात एक महिला होमगार्ड को फर्जी हाजिरी बनाकर वेतन भुगतान कराने के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में मामला आने के बाद जांच कर यह कार्रवाई की गयी. आरोप है कि महिला होमगार्ड ने हाजिरी रजिस्टर में छेड़छाड़ कर अपनी साथी जवान की 25 दिनों की फर्जी उपस्थिति दर्ज करायी थी.
आपके शहर में
डीएसपी कार्यालय में तैनात थीं तीन महिला होमगार्ड
जानकारी के अनुसार, मोहनिया डीएसपी कार्यालय में तीन महिला होमगार्ड जवानों की तैनाती थी. गिरफ्तार महिला होमगार्ड इन तीनों जवानों की प्रभारी थी. इसी दौरान उसकी एक महिला साथी होमगार्ड का बिहार पुलिस में चयन हो गया और वह ज्वाइनिंग के लिए नालंदा चली गयी.
पांच दिन ड्यूटी के बाद नालंदा चली गयी जवान
बताया जाता है कि संबंधित महिला होमगार्ड ने मोहनिया डीएसपी कार्यालय में केवल पांच दिनों तक ड्यूटी की थी. इसके बाद बिहार पुलिस में नौकरी लगने के कारण वह नालंदा चली गयी. उसके खाते में बाकी 25 दिनों की उपस्थिति दर्ज नहीं थी.
व्हाइटनर से हाजिरी रजिस्टर में की गयी छेड़छाड़
आरोप है कि प्रभारी महिला होमगार्ड ने हाजिरी रजिस्टर में पहले से दर्ज प्रविष्टि को व्हाइटनर से मिटा दिया. इसके बाद संबंधित महिला जवान की 25 दिनों की उपस्थिति दर्ज कर दी गयी. इस तरह उसकी फर्जी हाजिरी बनाकर वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराने का आरोप है.
वेतन भुगतान के कागजात पर भी हुए हस्ताक्षर
मामले में बताया जाता है कि फर्जी हाजिरी तैयार करने के बाद वेतन भुगतान से संबंधित कागजात भी तैयार किये गये. इन कागजात पर डीएसपी स्तर से भी हस्ताक्षर किये जाने की बात सामने आयी है. हालांकि, इस पूरे मामले में पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.
पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने पर शुरू हुई जांच
फर्जी हाजिरी बनाकर वेतन भुगतान कराने का मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद गंभीरता से लिया गया. जांच के दौरान हाजिरी रजिस्टर में छेड़छाड़ और फर्जी उपस्थिति दर्ज किये जाने की बात सामने आयी. इसके बाद संबंधित महिला होमगार्ड के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की.
महिला होमगार्ड गिरफ्तार, भेजी गयी जेल
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी महिला होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस अब मामले से जुड़े दस्तावेजों और वेतन भुगतान की प्रक्रिया की भी जांच कर रही है.
थानाध्यक्ष ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि महिला होमगार्ड जवान को गिरफ्तार किया गया है. उस पर फर्जी हस्ताक्षर बनाकर वेतन भुगतान कराने का आरोप है. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.
अरवल में मिड-डे मील में कीड़े मिले, बच्चों ने फेंका खाना, डीएम ने दिया FIR का आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए