पत्नी को घर लाने गए पति और चाचा की पिटाई, दोनों गंभीर रूप से घायल
थाना में आवेदन देता पीड़ित | Prabhat Khabar Network
पत्नी को मनाने मायके गए पति और चाचा पर गौरा गांव में हमला. दोनों गंभीर रूप से घायल हुए. पुलिस ने जांच शुरू की. जानें पूरा मामला.
Mohania Husband Assault : मोहनिया थाना क्षेत्र के गौरा गांव में पत्नी को समझा-बुझाकर घर वापस लाने गए पति और उसके चाचा के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना में पति और उसके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों ने मोहनिया थाना पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
एक सप्ताह पहले मायके जाने की बात कहकर निकली थी पत्नी
घायल दीपक कुमार, पिता लाल बिहारी राम, दुर्गावती थाना क्षेत्र के जनार्दनपुर गांव के निवासी हैं. उन्होंने बताया कि उनकी शादी करीब तीन वर्ष पूर्व भभुआ थाना क्षेत्र के अखलासपुर गांव निवासी दुलार राम की पुत्री बदामी देवी के साथ हुई थी. दोनों की दो वर्ष की एक बेटी भी है. दीपक बनारस में रहकर मजदूरी करते हैं.
दीपक के अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले उनकी पत्नी घर से यह कहकर निकली थी कि वह मायके जा रही है. जब उन्होंने मायके में पता किया तो जानकारी मिली कि वह वहां नहीं पहुंची है. बाद में पता चला कि उनकी पत्नी मोहनिया थाना क्षेत्र के गौरा गांव में किसी दूसरे युवक के साथ रह रही है.
पत्नी को समझाने पहुंचे तो हुई मारपीट
दीपक ने बताया कि शनिवार को वह अपने चाचा के साथ गौरा गांव पहुंचे थे. वहां पत्नी को समझा-बुझाकर वापस घर ले जाने का प्रयास कर रहे थे. इसी दौरान उनकी पत्नी और जिस घर में वह रह रही थी, वहां के लोगों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की. इसमें वह और उनके चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना के बाद दोनों घायल मोहनिया थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए