अरवल में विश्व जनसंख्या दिवस पर स्वास्थ्य मेला और जागरूकता रैली, 31 जुलाई तक चलेगा जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा

Author Nishikant kumr|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
विश्व जनसंख्या दिवस पर स्वास्थ्य मेला का किया गया आयोजन

परिवार नियोजन पखवारा का हुआ शुभारम्भ

Arwal News: विश्व जनसंख्या दिवस पर अरवल सदर अस्पताल में स्वास्थ्य मेला और रैली का आयोजन किया गया. परिवार नियोजन और जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया.

विज्ञापन

Arwal News: विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर सोमवार को सदर अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य मेला और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया. रैली को सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर प्रसाद ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. कार्यक्रम का उद्देश्य परिवार नियोजन, लैंगिक समानता, मातृ स्वास्थ्य, गरीबी उन्मूलन और जनसंख्या नियंत्रण जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करना था.

31 जुलाई तक चलेगा जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा

कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. राजकिशोर प्रसाद, जिला रोग प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. नंद विहारी शर्मा और अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. उमेश प्रसाद ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया. सिविल सर्जन ने कहा कि देश में लगातार बढ़ रही जनसंख्या चिंता का विषय है. इसे नियंत्रित करने के लिए लोगों में जागरूकता लाना जरूरी है. उन्होंने बताया कि 11 जुलाई से 31 जुलाई तक जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जा रहा है. इस दौरान योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी देने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का अभियान चलाया जाएगा.

छोटा परिवार और सही अंतराल पर दिया जाएगा जोर

सिविल सर्जन ने कहा कि सही उम्र में विवाह, पहले बच्चे में देरी, दो बच्चों के बीच उचित अंतराल तथा छोटे परिवार के लाभ के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा. उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को कॉपर-टी, गर्भनिरोधक इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोलियां, महिला बंध्याकरण और पुरुष नसबंदी जैसी सेवाएं अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि अभियान में यूएनएफपीए (UNFPA) और पीएसआई इंडिया (PSI India) जैसे विकास सहयोगी संस्थानों का भी सहयोग मिलेगा.

परिवार नियोजन अपनाने पर मिलेगी प्रोत्साहन राशि

जिला रोग प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. नंद विहारी शर्मा ने बताया कि पखवाड़े के दौरान सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर इच्छुक दंपतियों को परिवार नियोजन की स्थायी और अस्थायी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. उन्होंने बताया कि महिला बंध्याकरण कराने पर लाभार्थी को 2,000 रुपये तथा पुरुष नसबंदी कराने पर 3,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है.

अनमेट नीड कम करने पर रहेगा फोकस

जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) विनय रंजन ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन साधनों की जानकारी देकर उन्हें सुविधाओं से जोड़ना है. इसके लिए आईसीडीएस, समाज कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग, जीविका और टोला सेवकों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है. जिला सामुदायिक उत्प्रेरक ने कहा कि जिले में अभी भी ऐसे कई योग्य दंपति हैं, जो परिवार नियोजन सेवाएं लेना चाहते हैं, लेकिन सेवाएं उन तक नहीं पहुंच पाती हैं. ऐसे दंपतियों तक सेवाएं पहुंचाकर अनमेट नीड को कम करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है.

उन्होंने बताया कि पखवाड़े के दौरान प्रत्येक प्रखंड में 80 महिला बंध्याकरण और पांच पुरुष नसबंदी, जबकि सदर अस्पताल अरवल में 45 महिला बंध्याकरण और 10 पुरुष नसबंदी कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. कार्यक्रम में फैमिली प्लानिंग काउंसलर डॉ. सुरेंद्र प्रसाद, अस्पताल प्रबंधक शशांक शेखर सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी


विज्ञापन
Nishikant Kumr

लेखक के बारे में

By Nishikant Kumr

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन