विभिन्न मामलों में तीन आरोपित गिरफ्तार
काको थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए SC/ST एक्ट, जानलेवा हमले और अवैध शराब के तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है. सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
Jehanabad News: एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश पर जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष समकालीन अभियान के तहत काको थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस टीम ने अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से क्षेत्र के फरार एवं वांछित अपराधियों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है.
आपके शहर में
SC/ST एक्ट और जानलेवा हमले का आरोपित दबोचा गया
काको थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार विभिन्न आपराधिक कांडों में फरार चल रहे नामजद अभियुक्तों और वारंटियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस बल ने छापेमारी करते हुए सलेमानपुर गांव निवासी नागेंद्र यादव को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (SC/ST) अत्याचार निवारण अधिनियम के मामले में गिरफ्तार किया है. वहीं, सलेमानपुर निवासी रंजन कुमार को पूर्व में दर्ज मारपीट और जानलेवा हमले (हत्या के प्रयास) के गंभीर मामले में गिरफ्तार किया गया है.
अवैध शराब निर्माण व बिक्री मामले में महिला आरोपित गिरफ्तार
थानाध्यक्ष ने आगे जानकारी दी कि शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए चलाए गए विशेष अभियान के दौरान शराब के अवैध निर्माण एवं बिक्री के मामले में एक महिला आरोपित को भी गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपितों से आवश्यक पूछताछ के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में न्यायालय भेज दिया है. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने स्पष्ट किया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब के धंधेबाजों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए