जहानाबाद: स्टेशन पर दो-दो फुट ओवरब्रिज होने के बावजूद जान जोखिम में डाल ट्रैक पार कर रहे यात्री, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
रेलवे ट्रैक पार करते हैं यात्री | Prabhat Khabar Network
जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्री सुरक्षा की धज्जियां उड़ा रहे हैं. दो फुट ओवरब्रिज होने के बावजूद सैकड़ों लोग सीधे ट्रैक पार कर रहे हैं, खड़ी ट्रेनों के नीचे से रेंगकर निकल रहे हैं. रेलवे ने ऐसे यात्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है.
Jehanabad News: पटना-गया रेलखंड स्थित जहानाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों द्वारा सुरक्षा और रेलवे नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं. स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन के लिए दो-दो फुट ओवरब्रिज (FOB) उपलब्ध होने के बाद भी रोजाना सैकड़ों यात्री अपनी जान जोखिम में डालकर सीधे पटरियां पार कर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर आते-जाते हैं. कई बार तो ट्रैक पर तेज रफ्तार ट्रेन आने के दौरान भी लोग पटरियों को पार करते नजर आते हैं, जिससे हर समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
आपके शहर में
खड़ी ट्रेनों के नीचे से निकलते हैं लोग
जहानाबाद स्टेशन पर रोजाना जैसे ही कोई ट्रेन आकर रुकती है, सैकड़ों यात्री ओवरब्रिज की सीढ़ियां चढ़ने से बचने के लिए ट्रेन के विपरीत दिशा के दरवाजे से उतरकर सीधे रेलवे ट्रैक पर कूद जाते हैं. इतना ही नहीं, सिग्नल न मिलने के कारण जब कोई एक्सप्रेस या मालगाड़ी लूप लाइन अथवा मेन लाइन पर खड़ी होती है, तो यात्री 5 से 10 मिनट इंतजार करने के बजाय खड़ी बोगियों के नीचे से रेंगकर दूसरी तरफ निकलते हैं. पूर्व में कई दर्दनाक हादसे होने के बावजूद महिला, पुरुष और बच्चों समेत भारी सामान लेकर पटरियां फांदने का सिलसिला बदस्तूर जारी है.
फुट ओवरब्रिज का उपयोग नहीं करते यात्री
स्टेशन पर आवागमन को सुगम बनाने के लिए रेलवे द्वारा दो आधुनिक फुट ओवरब्रिज बनाए गए हैं, लेकिन अधिकांश यात्री इनका इस्तेमाल करने से कतराते हैं. लोग ओवरब्रिज का रुख केवल तभी करते हैं जब पटरियों के बीच कोई मालगाड़ी लंबे समय के लिए खड़ी हो जाती है. यात्रियों की इस लापरवाही और नियम उल्लंघन पर रेलवे प्रशासन व सुरक्षा बल की ओर से सख्त कदम न उठाए जाने के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन चिंताजनक होती जा रही है.
नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
मामले को लेकर आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि ट्रेनों के आगमन से पूर्व स्टेशन पर लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार एनाउंसमेंट किया जाता है कि कोई भी यात्री ट्रैक पार न करे और ओवरब्रिज का ही उपयोग करे. उन्होंने कहा कि यात्रियों की मनमानी पर लगाम लगाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर रेल अधिनियम के तहत नियम तोड़ने वाले यात्रियों के विरुद्ध चालान व कानूनी कार्रवाई की जाती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए